Delhi News: एकीकृत नगर निगम में अश्वनी कुमार और ज्ञानेश भारती को मिली जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने लगाई मुहर

22 मई यानी रविवार से अस्तित्व में आ रहे दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी के तौर पर तेजतर्रार नौकरशाह अश्वनी कुमार को विशेष अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है जबकि दक्षिणी और पूर्वी निगम का कार्यभार संभाल रहे ज्ञानेश भारती एकीकृत निगम के पहले आयुक्त होंगे।

By Geetarjun GautamEdited By: Publish:Fri, 20 May 2022 11:11 PM (IST) Updated:Fri, 20 May 2022 11:11 PM (IST)
Delhi News: एकीकृत नगर निगम में अश्वनी कुमार और ज्ञानेश भारती को मिली जिम्मेदारी, गृह मंत्रालय ने लगाई मुहर
एकीकृत नगर निगम में अश्वनी कुमार और ज्ञानेश भारती को मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दैनिक जागरण की उस खबर पर मुहर लगा दी है, जिसमें एकीकृत नगर निगम में अश्वनी कुमार और ज्ञानेश भारती को जिम्मेदारी देने की जानकारी दी गई थी। 22 मई यानी रविवार से अस्तित्व में आ रहे दिल्ली नगर निगम के विशेष अधिकारी के तौर पर तेजतर्रार नौकरशाह अश्वनी कुमार को विशेष अधिकारी के तौर पर नियुक्त किया गया है, जबकि दक्षिणी और पूर्वी निगम का कार्यभार संभाल रहे ज्ञानेश भारती एकीकृत निगम के पहले आयुक्त होंगे।

रविवार को दोनों अधिकारी अपना कार्यभार संभाल लेंगे, जिसके बाद प्रशासनिक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि विगत 11 मई के संस्करण में दैनिक जागरण ने खबर प्रकाशित करके जानकारी दी थी कि अश्वनी कुमार और ज्ञानेश भारती को एकीकृत निगम में जिम्मेदारी दी जा रही है।

अश्वनी कुमार अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के 1992 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह पुडुचेरी में मुख्य सचिव के तौर पर जिम्मेदारी निभा रहे थे, लेकिन विगत 19 अप्रैल को उनका तबादला दिल्ली में हुआ था। अश्वनी कुमार केजरीवाल सरकार में लोक निर्माण विभाग में प्रधान सचिव भी रहे हैं। दक्षिणी और पूर्वी निगम आयुक्त का कामकाज संभाल रहे ज्ञानेश भारती भी एजीएमयूटी कैडर के 1998 बैच के आइएएस हैं। भारती को तीनों निगमों में कामकाज का अनुभव है।

नौ सितंबर 2019 से ज्ञानेश भारती दक्षिणी निगम में आयुक्त के तौर पर काम कर रहे हैं, जबकि पूर्वी निगम के आयुक्त विकास आनंद का तबादला होने पर विगत सात मई को भारती को पूर्वी निगम आयुक्त का अतिरिक्त कामकाज भी सौंप दिया गया था। वह करीब दस माह तक उत्तरी निगम के आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। भारती का नगर निगम में काफी अनुभव है। वह पहले यहां पर क्षेत्रीय उपायुक्त भी रहे हैं।

उन्हें तीनों निगमों के कामकाज की पूरी समझ है, जिसे देखते हुए केंद्रीय गृहमंत्रालय ने उन्हें एकीकृत निगम के आयुक्त की जिम्मेदारी दी है। वेस्ट टू आर्ट परियोजना के तहत भारत दर्शन पार्क का निर्माण और कई बहुमंजिला पार्किंग बनाने के साथ ही स्वच्छता क्षेत्र में भारती द्वारा किए गए कार्यों से दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की छवि में काफी सुधार आया है। संपत्ति कर के जरिये राजस्व को 2000 करोड़ से अधिक बढ़ाने में भी उनका प्रमुख योगदान रहा है।

अश्वनी कुमार

जन्मतिथि: एक जनवरी, 1968

आइएएस, 1992 एजीएमयूटी कैडर

शिक्षा: इलेक्टिकल इंजीनियरिंग में स्नातक व इंटरनेशनल डेवलपमेंट में परास्नातक

गृह नगरः मेरठ, उत्तर प्रदेश

-पुडुचेरी में मुख्य सचिव रहने के साथ ही पीडब्ल्यूडी, दिल्ली में प्रधान सचिव भी रहे हैं

ज्ञानेश भारती

जन्मतिथि: 31 दिसंबर, 1973

आइएएस, 1998 एजीएमयूटी कैडर

शिक्षा: एमए (ओपी रिसर्च) व एमबीए

गृह नगरः भागलपुर, बिहार

-दिल्ली में दक्षिणी और पूर्वी निगम आयुक्त का कामकाज देख रहे हैं

chat bot
आपका साथी