Delhi Budget 2023: विधानसभा में उठे जलापूर्ति और अवैध पार्किंग के साथ कानून-व्यवस्था सहित कई बड़े मुद्दे

Delhi Budget 2023 विधानसभा के बजट सत्र में पांचवें दिन शुक्रवार को विधायकों ने विशेष उल्लेख (नियम संख्या 280) के तहत अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी सदन में रखीं। इनमें जलापूर्ति अवैध पार्किंग कानून व्यवस्था जैसे तमाम मुददे शामिल रहे।

By sanjeev GuptaEdited By: Publish:Fri, 24 Mar 2023 08:35 PM (IST) Updated:Fri, 24 Mar 2023 08:35 PM (IST)
Delhi Budget 2023: विधानसभा में उठे जलापूर्ति और अवैध पार्किंग के साथ कानून-व्यवस्था सहित कई बड़े मुद्दे
विधानसभा में उठे जलापूर्ति और अवैध पार्किंग के साथ कानून-व्यवस्था सहित कई बड़े मुद्दे

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। विधानसभा के बजट सत्र में पांचवें दिन शुक्रवार को विधायकों ने विशेष उल्लेख (नियम संख्या 280) के तहत अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं भी सदन में रखीं। इनमें जलापूर्ति, अवैध पार्किंग, कानून व्यवस्था जैसे तमाम मुददे शामिल रहे।

शुक्रवार को सदन की कार्यवाही करीब 15 मिनट की देरी से शुरू हुई। कोरम ही पूरा नहीं हो पा रहा था। सत्र की शुरुआत होने के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने नियम 280 के तहत चर्चा की शुरुआत की। भाजपा विधायक अनिल कुमार वाजपेयी ने गांधी नगर और सीलमपुर में अवैध पार्किंग की समस्या रखी।

उन्होंने कहा कि गांधी नगर बड़ा मार्केट है। यहां पर वैध पार्किंग नहीं है और अवैध तौर पर वाहनों से पार्किंग के लिए हर माह लाखों रुपये की वसूली की जा रही है। इसी तरह सीलमपुर में भी डीडीए की अवैध पार्किंग चल रही है।

भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने करावल नगर में कालोनियों को बजट आवंटित नहीं किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके चलते विकास कार्य न होने से लोग नारकीय जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने अपने यहां सीसीटीवी कैमरे न लगने की बात भी कही। सत्ता पक्ष के विधायक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि उनके इलाके में जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने पुराने गांवों में सीवर लाइन नहीं होने की समस्या भी रखी। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने यमुना नदी के प्रदूषण की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले आठ सालों में यमुना नदी का प्रदूषण दोगुना हो चुका है। इसमें बीओडी की मात्रा बहुत ज्यादा है। इसके पानी को नहाने लायक बनाना दूर की कौड़ी है।

आप विधायक शिवचरण गोयल ने मोती नगर विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की समस्या उठाई। भाजपा के जितेंद्र महाजन ने रोहताश नगर में यातायात व्यवस्था की समस्या और परिवहन के समुचित साधन नहीं होने की बात रखी।

आप विधायक सोमदत्त ने कहा कि उनके क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और उनकी हार्ड डिस्क भी चोरी हो गई है। सत्ता पक्ष के अजय दत्त का कहना था कि पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे बंद हैं, कहीं हार्ड डिस्क नहीं है तो कहीं उनका रखरखाव नहीं हो रहा।

भाजपा विधायक अभय वर्मा ने यमुनापार विकास बोर्ड को फंड नहीं देने का आरोप लगाया। इनके अलावा विधायक ओम प्रकाश शर्मा, अजय महावर, गिरीश सोनी, हाजी यूनुस, रितुराज ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के समक्ष रखीं।

chat bot
आपका साथी