Delhi: भाजपा विधायक ने अपने ही सांसद गौतम गंभीर के खिलाफ की CBI जांच की मांग, एलजी को लिखा पत्र

भाजपा के गांधीनगर के विधायक अनिल बाजपेयी ने अपने ही सांसद गौतम गंभीर के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया है। इस बार उन्होंने सांसद गौतम गंभीर और उनके एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) के खिलाफ सीबीआई जांच की ही मांग कर दी है।

By Swadesh kumarEdited By: Publish:Fri, 07 Oct 2022 11:51 PM (IST) Updated:Fri, 07 Oct 2022 11:51 PM (IST)
Delhi: भाजपा विधायक ने अपने ही सांसद गौतम गंभीर के खिलाफ की CBI जांच की मांग, एलजी को लिखा पत्र
भाजपा विधायक अनिल बाजपेयी और सांसद गौतम गंभीर।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। भाजपा के गांधीनगर के विधायक अनिल बाजपेयी ने अपने ही सांसद गौतम गंभीर के खिलाफ फिर से मोर्चा खोल दिया है। इस बार उन्होंने सांसद गौतम गंभीर और उनके एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) के खिलाफ सीबीआई जांच की ही मांग कर दी है। उन्होंने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के साथ निगम की शाहदरा दक्षिणी जोन की उपायुक्त वंदना राव को पत्र लिखकर डलावघरों के स्थान पर जन रसोई या जन लाइब्रेरी खोलने का विरोध किया है।

हालांकि उन्होंने पत्र में गौतम गंभीर या उनके एनजीओ का नाम नहीं लिया है। पत्र में उन्होंने रसोई और लाइब्रेरी का जिक्र किया है। लेकिन डलावघरों के स्थान पर रसोई और लाइब्रेरी सांसद गौतम गंभीर ही खोल रहे हैं, इसलिए माना जा रहा है कि अनिल बाजपेयी का निशाना वही हैं। संपर्क करने पर गौतम गंभीर ने इस मामले में किसी तरह की टिप्पणी से इन्कार कर दिया है।

ये भी पढ़ें- Delhi Weather Forecast: बूंदाबांदी से सात डिग्री गिरा पारा, कुछ दिनों ऐसा ही रहेगा मौसम; होने लगा ठंड का अहसास

यहां चल रही हैं रसोई

गौतम गंभीर फाउंडेशन के सौजन्य से मयूर विहार फेज-दो, शकरपुर में एक-एक जन रसोई चल रही है। लक्ष्मीनगर के कृष्ण कुंज में एक और जनरसोई तैयार की जा रही है। इसके अलावा गांधीनगर और न्यू अशोक नगर में दो रसोई चल रही हैं। इस तरह से चार जनरसोई में प्रतिदिन एक रुपये में लोगों को खाना खिलाया जा रहा है।

दो पत्र किए गए सार्वजनिक

शुक्रवार को विधायक अनिल बाजपेयी के खेमे की तरफ से दो पत्र सार्वजनिक किए गए हैं। इसमें एक पत्र गत 25 जुलाई का है जो उन्होंने उपराज्यपाल को लिखा था। इसमें उन्होंने कहा, स्थानीय लोगों और आरडब्ल्यूए की तरफ से उनके पास शिकायतें आ रही हैं कि बंद हुए डलावघरों को किसी व्यक्ति, एनजीओ या निजी कंपनी को आवंटित कर दिया जा रहा है।

जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में आवंटन हो चुका है और इनमें रसोई और लाइब्रेरी शुरू की जा रही है। इसकी वजह से कूड़े को डालने के लिए सफाई कर्मचारियों को जगह नहीं मिल पा रही है। उन्होंने इस मामले की जांच सीबीआइ से कराने की मांग की है ताकि सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग न हो सके। पत्र में उन्होंने जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी, एनजीओ, व्यक्ति विशेष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।

ये भी पढ़ें- Ghaziabad: गर्भ में बेटी का पता चलने पर पति ने पेट में मारी लात, हुआ गर्भपात; फिर से गर्भवती होने पर खिलाई दवा

यही पत्र उन्होंने दो अक्टूबर को शाहदरा दक्षिणी जोन की उपायुक्त वंदना राव को भी भेजा है। इसमें उन्होंने निगम से भी इस मामले की जांच करने का अनुरोध किया है। इससे पहले अनिल बाजपेयी ने गांधीनगर में गौतम गंभीर की चल रही जन-रसोई को अतिक्रमण करार दिया था। इस पर जिलाध्यक्ष रामकिशोर शर्मा ने प्रदेश नेतृत्व को अनिल बाजपेयी के खिलाफ पत्र लिखा था।

विधायक अनिल बाजपेयी ने बताया कि मैंने पत्र में किसी का नाम नहीं लिया है। निगम की संपत्ति का दुरुपयोग रोकने की मांग की है। इसमें कुछ गलत नहीं है।

chat bot
आपका साथी