दिल्‍ली-NCR के करोड़ों लोगों को बड़ी राहत, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली के साथ इससे सटे हरियाणा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों मेें बारिश होगी।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 04 Jul 2019 07:27 AM (IST) Updated:Thu, 04 Jul 2019 10:20 PM (IST)
दिल्‍ली-NCR के करोड़ों लोगों को बड़ी राहत, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश
दिल्‍ली-NCR के करोड़ों लोगों को बड़ी राहत, कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश

नई दिल्ली, जेएनएन। मानसून का इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर (National Capital Region) के लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। जहां बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं ज्यादातर जगहों पर आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर होते-होते पार्लियामेंट और राजघाट इलाके में मूसलाधार बारिश हुई। इसी के साथ शाम को फिर झमाझम बारिश के पूरे आसार बन रहे हैं। इस बीच यह भी जानकारी सामने आ रही है कि अगले 48-72 घंटों के बीच मानसून दिल्ली में दस्तक देने वाला है। 

वहीं, बृहस्पतिवार सुबह आसमान में छाए बादल दोपहर होते-होते बरस पड़े। दिल्ली के साथ गुरुग्राम और फरीदाबाद में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। 

IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली के साथ पानीपत, करनाल, गन्नौर, बागपत, सोनीपत, रोहतक, खरखौंदा, बड़ौत, जींद, जज्झर में  हल्की बारिश जारी रहेगी।

पहली बारिश में बह गए सरकारी दावे
गुरुग्राम शहर में हुई पहली बारिश में ही सरकारी दावों की पोल खुल गई। जगह-जगह बरसाती नाले उफना गए, सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम से लोग परेशान हुए। नगर निगम, हुडा, जीएमडीए और एनएचएआइ द्वारा बरसाती नालों की सफाई नहीं करने के कारण नाले ओवरफ्लो हो गए।

गुरुग्राम में बृहस्पतिवार दोपहर में दो बजे घने काले बादलों के घिरने से दिन में ही अंधेरा छा गया और करीब एक से डेढ़ घंटे में 82 एमएम बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। गनीमत ये रही कि बारिश शाम की बजाय दिन में रही। शाम को साढ़े पांच बजे के बाद नौकरीपेशा लोग अाफिस से निकलते हैं। अगर बारिश शाम को होती तो लोग घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंस जाते।

बारिश होने से उमस और गर्मी से काफी राहत मिली है। तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस पार रहने के कारण गर्मी काफी परेशान कर रही थी। बारिश होते ही ट्रैफिक पुलिस भी अलर्ट हो गई और जलभराव वाले इलाकों में जवानों को तैनात किया गया।कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को जगह-जगह हुई बारिश खेती के लिए काफी लाभकारी है।

वहीं, पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्था के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जेपीएस डबास का कहना है कि अभी खरीफ सीजन की फसलों की बुवाई के लिए बारिश का होना बेहद जरूरी है। धान की रोपाई के लिए लिहाज से भी यह समय उपयुक्त है। धान की रोपाई की दृष्टि से अभी बारिश की सख्त जरूरत है। गन्ने की फसल, फलदार पौधों को भी बारिश की जरूरत है।

दो से तीन दिन में राजधानी में दस्तक देगा मानसून

दिल्ली में बारिश का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। अगले 48 से 72 घंटे में दिल्ली में मानसून दस्तक दे सकता है। हालांकि, इस बार हल्की बारिश के साथ मानसून दस्तक देगा और झमाझम बरसात के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। तब तक उमस भी परेशान करती रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मानसून पूर्व बारिश की संभावना काफी कम है, लेकिन मानसून के लिए उपयुक्त माहौल बन चुका है। पूर्व की तरफ से आ रही हवा ने तापमान में कमी कर दी है, लेकिन उमस बेहाल कर रही है। बुधवार को भी बादल छाए रहे, लेकिन बरसे नहीं। दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान भी 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से दो डिग्री अधिक था। मंगलवार की तुलना में धूप हल्की रही। हवा में नमी का स्तर 41 से 74 फीसद तक बना रहा।

15 जुलाई तक हल्की बारिश के हैं आसार

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के मुताबिक, दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार-शनिवार तक मानसून आ जाएगा। 15 जुलाई तक हल्की बारिश होगी। इसके बाद ही झमाझम बारिश की उम्मीद है। हालांकि, तापमान अब 40 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा। बादल छाए रहेंगे, लेकिन उमस बेचैन करती रहेगी।

दिल्ली-NCR की ताजा और महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

chat bot
आपका साथी