मोदी सरकार ने किसी मीडिया हाउस पर नहीं लगाया प्रतिबंध, कांग्रेस का इतिहास भरा पड़ा : राजनाथ सिंह

रविवार को पाञ्चजन्य पत्रिका के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने अभिव्यक्ति की आजादी के मुद्दे को लेकर कहा कि जिनके घर शीशे के हो वह दूसरों पर पत्थर नहीं उछाला करते।

By Nimish HemantEdited By: Publish:Sun, 15 Jan 2023 12:07 PM (IST) Updated:Sun, 15 Jan 2023 12:07 PM (IST)
मोदी सरकार ने किसी मीडिया हाउस पर नहीं लगाया प्रतिबंध, कांग्रेस का इतिहास भरा पड़ा : राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर हमला, बोले- आपातकाल में अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोंटा गया

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अटल जी की सरकार रही हो या फिर मोदी सरकार किसी ने भी मीडिया हाउस पर न तो कोई रोक लगाई और न ही प्रतिबंध लगाया। जबकि, कांग्रेस पार्टी का पूरा इतिहास ही हर तरह की स्वतंत्रता का हनन करने की घटनाओं से भरा पड़ा है।

आपातकाल तो इसीलिए जाना जाता है। मोदी सरकार पर मीडिया के पक्षपाती होने का आरोप लगाने वाले दल भूल जाते हैं कि उनका इतिहास ही इस तरह की घटनाओं से भरा पड़ा है। उन्होंने तंज कसा, 'शीशे के घरों में रहने वाले, दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते'। वह पांचजन्य पत्रिका के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर अशोक होटल में आयोजित 'बात भारत की' कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर, दिल्ली प्रांत के कार्यवाह भारत भूषण ने राममंदिर पर आधारित काफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।

कार्यक्रम में रक्षामंत्री ने कहा कि संविधान लागू होने के एक साल बाद ही कांग्रेस ने मीडिया पर लगाम लगाने के लिए उसमें संशोधन किया, क्योंकि कांग्रेस को विरोध पसंद नहीं था। उन्होंने कहा कि जहां देशहित का सवाल हो, वहां सिर्फ आलोचना के लिए आलोचना करना ठीक नहीं है। दरअसल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार मीडिया पर पक्षपाती होने का आरोप लगा रहे हैं।

भारत को आत्मनिर्भर बनाने का सपना हो रहा है साकार

रक्षामंत्री ने कहा कि भारतीय भाषाओं में पत्रकारिता का भविष्य उज्ज्वल है। देश औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। विदेशी मंच पर भी भारत की बात भारत की भाषाओं में हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके साथ सभी मंत्री इसके लिए संकल्पबद्ध हैं। देश को खाद्यान्न और रक्षा की जरूरतों की पूर्ति और परमाणु मामले में आत्मनिर्भर बनने का सपना साकार हो रहा है।

सत्ता में कोई आए, अब वापस नहीं ला सकता अनुच्छेद 370 और 35 ए: अनुराग ठाकुर

खेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35 ए को वापस लेने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह के फैसले को एतिहासिक बतया। ठाकुर ने कहा कि अब सत्ता में कोई आए, वह जम्मू-कश्मीर में इन दोनों कानूनों को वापस नहीं ला सकता है। उनका यह बयान ऐसे वक्त है जब विपक्षी दल दावा करते है कि सत्ता में आने पर वह इन दोनों कानूनों को वापस लाएंगे। इन दोनों कानूनों को हटाना ऐसा काम था, जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि ओलिंपिक का आयोजन वह भारत लाकर दिखाएंगे। उन्होंने क्रिकेट में खिलाड़ियों के रोटेशन पर कहा कि जरूरी नहीं कि हर फार्मेट में विराट कोहली खेलें। बीसीसीआइ को ऐसे खिलाड़ियों का पूल तैयार करना चाहिए, जिसमें आसानी से किसी खिलाड़ी का विकल्प हो सके। उन्होंने कहा कि राजनीतिज्ञों के लिए खेल एसोसिएशन के दरवाजे बंद करने के वह पक्ष में नहीं हैं, क्योंकि शरद पवार व अरुण जेटली जैसे लोग बड़ा बदलाव लेकर आए।

राजनीतिक इस्लाम मुस्लिमों का सबसे बड़ा दुश्मन: आरिफ मोहम्मद खान

केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि राजनीतिक इस्लाम मुस्लिमों का सबसे बड़ा दुश्मन है, जो इस्लाम के आगमन के साथ से सातवीं सदी में आ गया था। इसके चलते पैगंबर मोहम्मद के दामाद हजरत अली के खिलाफ कुफ्र का फतवा आया और उसी के नतीजे में उनका कत्ल हुआ। हमारी संस्कृति नित नूतन और चिरपुरातन है। यह ज्ञान की परंपरा पर आधारित है, इसलिए यह कायम है।

अपना कुछ नहीं, इसलिए बाप-दादा का कृतित्व बता रहे: आंबेकर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके पास अपना कुछ नहीं है, इसलिए बाप-दादा के कृतित्व को बताते रहते हैं। उसमें भी स्वाधीनता कुछ चंद लोगों के द्वारा नहीं, बल्कि देश के हर कोने के बलिदानियों के योगदान से मिली है।

होली और दीपावली जैसे त्योहारों को प्रदूषण से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश करने वालों का हमे प्रतिकार करना चाहिए। हमारे सभी तीज-त्योहार प्रकृति को समर्पित हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में संघ के योगदान पर सवाल उठाए जाने पर कहा कि देश के लोगों को इसकी सच्चाई पता है। दूसरे संघ को अगर राजनीति करनी होती तो राजनीतिक पार्टी बनता, लेकिन इसका निर्माण देश सेवा व बाहरी आघात से बचाने के लिए है।

मैं खुद मध्यम वर्ग से हूं, इसिलए उनका दर्द समझती हूं : निर्मला सीतारमण

आम बजट पेश करने से दो सप्ताह पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वह खुद मध्यम वर्ग के परिवार से हैं, इसलिए मध्यम वर्ग के दर्द और दबावों को समझती हैं। वर्तमान सरकार ने मध्यम वर्ग पर कोई नया कर नहीं लगाया है। सीतारमण एक फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2023-24 का आम बजट पेश करेंगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार इस बजट में आयकर सीमा बढ़ाएगी और मध्यम वर्ग के करदाताओं के अलावा अन्य लोगों को भी कुछ राहत देगी। पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर के मुफ्त रेवड़ियों के सवाल पर वित्त मंत्री ने इसे चुनावी हथकंडा बताया। कहा कि राजनीतिक दल एक-दूसरे को फंसाने के लिए इसे उठाते हैं, लेकिन मामला यह है कि चुनाव के समय जो वादे करते हैं, सरकार में आने के बाद क्या उन्हें पूरा कर सकते हैं। मुफ्त बिजली के मामले में भी यही है। बिजली कंपनियों का भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने देश के प्रति नकारात्मक रिपोर्ट देने वाली एजेंसियों पर निशाना साधा।

मोदी ने देश ही नहीं, दुनिया को कमांड किया: ज्योतिरादित्य सिंधिया

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जैसे विमान को कमांड करने के लिए एक सशक्त पायलट की जरूरत होती है। उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश ही नहीं दुनिया को भी कमांड किया है। कोरोना के समय हमने इसे देखा। जी-20 के आयोजन में प्रधानमंत्री जी-20 के नेताओं को पूरा भारत दिखाना चाहेंगे।

पूरे विश्व में भारत की बात: स्वामी अवधेशानंद

जूना अखांडा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेखानंद गिरि ने कहा कि पूरे विश्व में आज भारत की बात हो रही है। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि भारत बोले और हम सुनेंगे। भारत अपनी भाषा में बोले। कुछ दिनों पहले पश्चिमी विश्वविद्यालयों में इस पर चर्चा हो रही थी कि कौन सी संस्कृति बिना मतांतरण के पूरे विश्व में तेजी से फैल रही है, तो लोगों ने कहा कि भारतीय संस्कृति।

chat bot
आपका साथी