सीएम केजरीवाल ने दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से फोन पर की बात, लोगों से कहा दुआ करें

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की के परिजनों से शुक्रवार को फोन पर बातचीत की।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 05:58 PM (IST) Updated:Fri, 07 Aug 2020 05:58 PM (IST)
सीएम केजरीवाल ने दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से फोन पर की बात, लोगों से कहा दुआ करें
सीएम केजरीवाल ने दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से फोन पर की बात, लोगों से कहा दुआ करें

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अस्पताल के डॉक्टर और दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग लड़की के परिजनों से शुक्रवार को फोन पर बातचीत की। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट कर दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने कल अस्पताल में पीड़िता को देखने गए थे। वह अभी भी जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है। 12 वर्षीय लड़की को बचाने के लिए डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे हैं। उसके लिए प्रार्थना करें।

दरअसल मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एम्स में भर्ती 12 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता के स्वजन से बृहस्पतिवार को मुलाकात की थी। उन्होंने चिकित्सकों से पीड़िता के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बालिका की हालत गंभीर है। दिल्ली सरकार दोषी को कड़ी सजा दिलाएगी। उन्होंने बालिका के स्वजन को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हैवानियत के कारण बालिका को गंभीर चोट आई है। जिस कारण वह बेहोश है।

चिकित्सकों ने सीएम को बताया कि उसकी सर्जरी की गई है। अभी वह खतरे से बाहर नहीं है। अगले 48 घंटे बहुत महत्वपूर्ण हैं। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल भी एम्स में दुष्कर्म पीड़िता के स्वजन से मुलाकात की। उन्होंने दोषी को फांसी की सजा देने की मांग की।

बालिका के साथ दरिंदगी का आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा

पश्चिम विहार वेस्ट थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास और पॉक्सो के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। हालांकि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद और धाराएं जुड़ सकती हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित चोरी के इरादे से घर में घुसा था, लेकिन जब उसकी नजर बालिका पर गई तो उसने उसके साथ दुष्कर्म किया और जान से मारने के इरादे से पहले सिलाई मशीन पीड़िता के सिर पर फेंकी और फिर कैंची से कई वार किए। इसके बाद पीड़िता को मरा हुआ समझ वह फरार हो गया। होश आने के बाद पीड़िता कमरे से चिल्लाते हुए बाहर भागी। जिसके बाद स्वजन उसे अस्पताल ले गए और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि छानबीन के दौरान घर से कुछ सामान गायब पाए जाने पर पुलिस ने यह अंदाजा लगा लिया कि वारदात के पीछे किसी सेंधमार या चोर का हाथ हो सकता है। पुलिस की एक दर्जन टीमें घटनास्थल के करीब दो किलोमीटर के दायरे में लगे 200 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाल रही थी। तमाम फुटेज के आधार पर पुलिस ने काले रंग की शर्ट पहने एक संदिग्ध पर अपना ध्यान लगाया। फुटेज के माध्यम से जानकारी जुटाकर पुलिस ने आरोपित को मंगोलपुरी से गिरफ्तार कर लिया।

chat bot
आपका साथी