तीनों नगर निगम उपलब्ध कराएंगे 24 हजार बिस्तर

कोरोना संक्रमण के खिलाफ ल़ड़ाई में भाजपा शासित तीनों नगर निगमों ने दिल्ली सरकार को 24 हजार बिस्तर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। यह जानकारी दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दी। वह प्रदेश कार्यालय में तीनों निगमों के महापौर के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Jun 2020 07:09 PM (IST) Updated:Fri, 26 Jun 2020 07:09 PM (IST)
तीनों नगर निगम उपलब्ध कराएंगे 24 हजार बिस्तर
तीनों नगर निगम उपलब्ध कराएंगे 24 हजार बिस्तर

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली :

कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में भाजपा शासित तीनों नगर निगमों ने दिल्ली सरकार को 24 हजार बिस्तर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है। यह जानकारी दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दी। वह प्रदेश कार्यालय में तीनों निगमों के महापौर के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संक्रमण के मामले में दिल्ली अब मुंबई से भी आगे निकल गई है, क्योंकि यहां की सरकार द्वारा समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए। अस्पतालों में अव्यवस्था की वजह से मरीजों का इलाज नहीं हो रहा था। इसे देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आगे आना पड़ा। पिछले सात दिनों में 1.33 लाख लोगों की जांच की गई है। केंद्र सरकार ने मुफ्त रैपिड एंटीजन टेस्ट की सुविधा उपलब्ध कराई है। राधा स्वामी सत्संग ब्यास केंद्र में दस हजार बिस्तर वाला कोविड केयर सेंटर बनाया जा रहा है, जिसमें से दो हजार बिस्तर की सुविधा शुरू हो गई है। अरविद केजरीवाल सरकार काम करने के बजाय सिर्फ केंद्र सरकार के काम का श्रेय लेने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि कोरोना से जंग में नगर निगमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सफाई, सैनिटाइजेशन, कंटेनमेंट जोन व होम क्वारंटाइन में रह रहे मरीजों के घरों से कूड़ा उठाने का काम निगम के सफाई कर्मचारी कर रहे हैं। घरों में जाकर स्क्रीनिग के काम में भी निगम के कर्मचारी लगे हुए हैं। बावजूद इसके दिल्ली सरकार इनके साथ भेदभाव कर रही है। महामारी से लड़ते हुए अब तक आठ निगम कर्मचारियों की मौत हो चुकी है, लेकिन दिल्ली सरकार ने इनके आश्रितों को कोरोना वॉरियर्स को मिलने वाले एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता नहीं दी है। नगर निगमों ने इनके परिवारों दस-दस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।

उन्होंने बताया कि संक्रमण के बढ़ रहे मामले को देखते हुए तीनों निगमों ने अपने अस्पतालों, स्कूलों, सामुदायिक भवनों में कोविड केयर सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा है। दिल्ली सरकार के नोडल अधिकारी को भी यह प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद है कि सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक फैसला लेगी। उत्तरी दिल्ली नगर निगम 8045, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम 11639 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम 4320 बिस्तर कोरोना मरीजों के इलाज के लिए उपलब्ध कराएगा।

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर जयप्रकाश ने कहा कि कोविड केयर सेंटर शुरू करने के लिए दिल्ली सरकार जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए। इस मौके पर दक्षिणी दिल्ली की महापौर अनामिका मिथिलेश और पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी