सफाई के मामले में दिल्ली चौथे नंबर का शहर

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने स्मार्ट शहर प्रतियोगिता में 12वें स्थान पर नई दिल्ली को लाकर स्मार्ट शहरों में शुमार करा दिया। अब स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए ताजा सर्वे में नई दिल्ली को चौथा स्थान मिला है।

By Amit MishraEdited By: Publish:Mon, 15 Feb 2016 08:02 PM (IST) Updated:Tue, 16 Feb 2016 07:46 AM (IST)
सफाई के मामले में दिल्ली चौथे नंबर का शहर

नई दिल्ली [विजयालक्ष्मी]। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद ने स्मार्ट शहर प्रतियोगिता में 12वें स्थान पर नई दिल्ली को लाकर स्मार्ट शहरों में शुमार करा दिया। अब स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए ताजा सर्वे में नई दिल्ली को चौथा स्थान मिला है।

एनडीएमसी के अधिकारियों का मानना है कि नई दिल्ली में यूजर चार्ज लगाया जाए और ठोस कचरा (मलबा) निस्तारण के लिए ज्यादा से ज्यादा वेस्ट प्लांट लगाए जाएं तो नई दिल्ली देशभर में पहले स्थान पर आ सकती है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत बेहतर सफाई के क्षेत्र में दस शहरों में कर्नाटक के मैसूर को पहला स्थान मिला है, दूसरे स्थान पर चंडीगढ़ और तीसरे स्थान पर तिरुचिरापल्ली को दिया गया है। नई दिल्ली को चौथा स्थान मिला है। स्वच्छता के 1000 प्वाइंट में से नई दिल्ली को 936 नंबर प्राप्त हुए है। पिछले वर्ष नई दिल्ली को 16वां स्थान प्राप्त हुआ था।

नई दिल्ली के संबंधित विभाग के अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली स्मार्ट सिटी की ओर अग्रसर है, लिहाजा सफाई व्यवस्था में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। कचरे के निस्तारण के लिए पार्क में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट लगाए जा रहे हैं, लेकिन मलबा के निस्तारण के लिए वेस्ट प्लांट लगाए जाने हैं।

अधिकारी ने बताया कि नई दिल्ली स्वच्छ भारत मिशन की रैकिंग में पहले स्थान पर आ सकती है, उसके लिए नई दिल्ली में कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सीएनडी) वेस्ट प्लांट लगाने होंगे और दूसरे घर से कूड़ा उठाने के एवज में यूजर चार्ज भी लगाना होगा। जिन शहरों को पहला स्थान मिला है उन शहरों में कचरे का बेहतर निस्तारण है और लोग यूजर चार्ज भी चुकाते हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत यह भी एक महत्वपूर्ण बिंदु है। एनडीएमसी में कूड़ा उठाने के एवज मे कोई चार्ज नहीं लिया जाता। मौजूदा समय में डस्टबिन को स्मार्ट बनाया जा रहा है लेकिन अब वेस्ट प्लांट पर भी तेजी से काम किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी