गतिमान के साथ मिशन स्पीड की शुरुआत : सुरेश प्रभु

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि गतिमान एक्सप्रेस शुरू होने के साथ ही देश

By Edited By: Publish:Tue, 05 Apr 2016 09:15 PM (IST) Updated:Tue, 05 Apr 2016 09:15 PM (IST)
गतिमान के साथ मिशन स्पीड 
की शुरुआत : सुरेश प्रभु

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा कि गतिमान एक्सप्रेस शुरू होने के साथ ही देश में मिशन स्पीड की शुरुआत हो गई है। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर देश के विकास में योगदान किया जाएगा, जिसके लिए पूरी योजना तैयार करने के साथ ही इस पर काम शुरू हो गया है। प्रभु मंगलवार को हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि रेलवे हमेशा देश की प्रगति की चिंता करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि देश के विकास में और देशवासियों की समस्याएं हल करने में गति होनी चाहिए और इस दिशा में हमने सभी ट्रेनों गति बढ़ाने का निर्णय लिया है। सिर्फ गतिमान एक्सप्रेस ही नहीं देश में चलने वाली सभी तरह की ट्रेनें, चाहे वह साधारण ट्रेन हो या एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेन सभी की औसत रफ्तार बढ़ाई जाएगी। यह काम आसान नहीं है, इसलिए रेलवे ने एक पांच वर्षीय योजना तैयार की है। रेल बजट में भी 2020 तक सभी ट्रेनों की औसत रफ्तार बढ़ जाएगी। रफ्तार के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा और आरामदायक सफर का भी ध्यान रखा जा रहा है।

रेल मंत्री ने संकेत दिया है कि जल्द ही कुछ अन्य मार्गो पर तेज गति की ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेलवे दल्ली से कानपुर, दिल्ली से चंडीगढ़, हैदराबाद से चेन्नई, नागपुर से बिलासपुर, मुंबई से गोवा तथा नागपुर से सिकंदराबाद के बीच भी सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना पर काम भी कर रहा है। जल्द ही इनमें से कुछ मार्गो पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन का परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली से मुंबई के बीच भी तेज गति ट्रेन चलाने की तैयारी है।

chat bot
आपका साथी