निगम जोन की बैठक में बवाल

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली : सफाई के मुद्दे पर शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम की शाहदर

By Edited By: Publish:Fri, 13 Mar 2015 08:37 PM (IST) Updated:Fri, 13 Mar 2015 08:37 PM (IST)
निगम जोन की बैठक में बवाल

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :

सफाई के मुद्दे पर शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली नगर निगम की शाहदरा उत्तरी जोन की बैठक में सफाई कर्मचारियों ने जबरदस्त हंगामा किया। जोन उपायुक्त अल्का शर्मा ने पहले कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्होंने पुलिस बुला ली। इसके बाद मामला शांत हुआ।

बैठक शुरू होते ही पार्षद अनिल गौतम, ताज मोहम्मद, अनीता शर्मा, दीप्ति जोशी, स्वाति गुप्ता ने इलाके में साफ-सफाई को लेकर जमकर आवाज उठाई। कई पार्षदों का कहना था कि उनके वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है, जबकि अन्य वार्डो में ज्यादा सफाई कर्मचारी लगे हुए हैं। इसी दौरान भारी संख्या में सफाई कर्मचारी बैठक में पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। अखिल भारतीय सफाई मजदूर यूनियन के मुकेश गहलोत ने कहा कि तीन माह से सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा और तो और दो साल से बच्चों की ट्यूशन फीस और एरियर अब तक नहीं मिला है। इसके चलते बच्चे स्कूल के बजाय घरों में बैठे हैं, क्योंकि हमारे पास इतना पैसा नहीं है कि हम अपने बच्चों की फीस भर सकें। इस पर अल्का शर्मा ने कहा कि निगम के पास वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। जब पैसे आ जाएंगे तो सबसे पहले आपको ही वेतन दिया जाएगा। हकीकत आपको बता दी है। इस पर हंगामा ज्यादा बढ़ गया। इसके चलते जोन उपायुक्त ने पुलिस बल बुला लिया। इस दौरान सफाई कर्मचारियों की पुलिस से भी नोंकझोंक हो गई, लेकिन बाद में मामला शांत हुआ। सफाई कर्मचारियों का कहना था कि अगर आज हमें वेतन नहीं मिला तो वे कल से नोटिस लगाकर हड़ताल पर चले जाएंगे। इस पर जोन उपायुक्त ने अपने बड़े अधिकारी से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर बात की, लेकिन अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में उपायुक्त को कह दिया कि उनके पास वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं। इस पर फिर से सफाई कर्मचारी भड़क गए। उनका कहना था कि वेतन कब मिलेगा, यह तो हमें बताया जाए। इस पर जोन उपायुक्त ने सफाई कर्मचारियों से कहा कि उन्हें मंगलवार तक का समय दिया जाए, आप तब तक हड़ताल न करें। तब जाकर मामला शांत हुआ और बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई।

chat bot
आपका साथी