दिल्ली कैपिटल्स ने अजिंक्य रहाणे के बदले इन 2 खिलाड़ियों को राजस्थान को दिया

IPL 2020 अजिंक्य रहाणे इस बार आइपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलेंगे। इसके बदले दिल्ली ने राजस्थान को दो खिलाड़ी दिए हैं।

By Vikash GaurEdited By: Publish:Fri, 15 Nov 2019 10:37 AM (IST) Updated:Fri, 15 Nov 2019 10:37 AM (IST)
दिल्ली कैपिटल्स ने अजिंक्य रहाणे के बदले इन 2 खिलाड़ियों को राजस्थान को दिया
दिल्ली कैपिटल्स ने अजिंक्य रहाणे के बदले इन 2 खिलाड़ियों को राजस्थान को दिया

नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क: IPL 2020: राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार को अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे को दिल्ली कैपिटल्स को दिया। ऐसे में अब रहाणे दिल्ली की टीम के लिए खेलते नज़र आएंगे।हालांकि, राजस्थान रॉयल्स ने रहाणे के बदले में दिल्ली की टीम से लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय और गेंदबाजी ऑलराउंडर राहुल तेवतिया को अपनी टीम में शामिल किया है। मयंक मार्कंडेय हाल ही में ट्रेड में शेर्फन रदरफोर्ड की जगह मुंबई इंडियंस से दिल्ली की टीम में शामिल हुए थे। 

मालूम हो कि दैनिक जागरण ने पहले ही इस बात की पुष्टि कर दी थी कि रहाणे राजस्थान की टीम को छोड़कर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ना चाहते हैं। रहाणे ने 2011 से 2019 के बीच रॉयल्स के लिए 100 मैच खेले और इनमें से 24 में टीम की कप्तानी की। वह टीम के सबसे सफल बल्लेबाज भी रहे। उन्होंने 34.26 के औसत और 122.65 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। भारतीय टेस्ट टीम के उप कप्तान रहाणे ने रॉयल्स की ओर से दो शतक और 17 अर्धशतक भी जड़े।

आइपीएल की खिलाड़ियों की 'ट्रांसफर विंडो' के अंतिम दिन खिलाड़ियों को दूसरी टीमों को देने की घोषणा की गई। आइपीएल के अनुसार, सफल समझौते के बाद अजिंक्य रहाणे अब दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे। रहाणे 2011 में मुंबई इंडियंस को छोड़कर रॉयल्स से जुड़े थे। रहाणे के बदले दिल्ली की टीम ने मार्कंडेय और तेवतिया को रॉयल्स को सौंपा। आइपीएल के 12वें सत्र के बाद दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस से मार्कंडेय मिले थे। इस लेग स्पिनर ने मुंबई इंडियंस की ओर से उपयोगी प्रदर्शन किया और इसके बाद भारत के लिए भी टी-20 खेले।

तेवतिया 2014 में रॉयल्स के साथ आइपीएल करियर शुरू करने के बाद दोबारा इस टीम से जुड़ेंगे। रॉयल्स ने तब उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा था। वह 2015 में भी टीम का हिस्सा रहे और फिर 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब से जुड़े। तेवतिया 2018 और 2019 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेले थे। रहाणे के आने से दिल्ली की टीम में स्टार भारतीय खिलाडि़यों की संख्या में इजाफा होगा। शिखर धवन, रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर पहले ही टीम का हिस्सा हैं, जबकि रहाणे से पहले रविचंद्रन अश्विन भी दिल्ली की टीम से जुड़े हैं।

chat bot
आपका साथी