मोहम्मद अजहरुद्दीन की हुई क्रिकेट में वापसी, यहां पर शुरू की अपनी नई पारी

मोहम्मद अजहरुद्दीन की क्रिकेट में लंबे अरसे के बाद वापसी हुई है।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 27 Sep 2019 08:53 PM (IST) Updated:Fri, 27 Sep 2019 09:59 PM (IST)
मोहम्मद अजहरुद्दीन की हुई क्रिकेट में वापसी, यहां पर शुरू की अपनी नई पारी
मोहम्मद अजहरुद्दीन की हुई क्रिकेट में वापसी, यहां पर शुरू की अपनी नई पारी

हैदराबाद, प्रेट्र। BCCI Election: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मुहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammad Azharuddin)  हैदराबाद क्रिकेट संघ (एचसीए) के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। पूर्व कप्तान को चुनावों में 147-73 की विशाल बढ़त के साथ एचसीए का अध्यक्ष चुना गया है।

भारत के सफल कप्तानों में शुमार अजहर ने पिछले सप्ताह नामांकन दाखिल किया था। क्रिकेटर के बाद अब यह उनकी प्रशासन में एक नई पारी है। अजहर ने भारत के लिए 99 टेस्ट और 334 वनडे खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 45.03 की औसत से 6215 रन बनाए हैं जबकि वनडे में 36.92 की औसत से 9378 रन बनाए हैं। अजहर का नाम फिक्सिंग में भी सामने आया था जिसके बाद बीसीसीआइ ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था। हालांकि अदालत ने उन्हें इन आरोपों से बरी कर दिया। फिक्सिंग के आरोपों के कारण ही वह 100वां टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे।

अरुण धूमल को मिली एचपीसीए की कमान

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) को लगभग दो साल बाद शुक्रवार को अरुण धूमल के रूप में नया अध्यक्ष मिला। इसके अलावा कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए हैं। सभी पदों के लिए एक-एक नामांकन ही दाखिल किया गया था। 2017 में अनुराग ठाकुर के इस्तीफे के बाद से यह पद खाली चला था। अध्यक्ष पद के लिए अनुराग के भाई अरुण धूमल, उपाध्यक्ष के लिए आरपी ¨सह, सचिव पद के लिए सुमित कुमार शर्मा, सहसचिव अमिताभ शर्मा, कोषाध्यक्ष के लिए अवनीश परमार, मेंबर ऑफ काउंसिल के दो पदों के लिए विशाल शर्मा व चंद्रशेखर मेहता चुने गए हैं।

संजय बेहरा चुने गए ओसीए के सचिव

संजय बेहरा को शुक्रवार को ओडिशा क्रिकेट संघ (ओसीए) का सचिव चुना गया है। संजय संघ के पूर्व अध्यक्ष आशीर्बाद बेहरा के बेटे हैं। पंकज लोचान मोहंती को संघ का अध्यक्ष चुना गया है। संजय ने अपने प्रतिद्वंद्वी नाबा रंजन पटनायक को मात दी। मेहताब खान को संयुक्त सचिव, अक्षय कुमार सामंत को उपाध्यक्ष चुना गया है जबकि विकास प्रधान कोषाध्यक्ष बने हैं। आशीर्बाद को ओसीए चुनावों से पहले चिटफंड स्कैम में गिरफ्तार कर लिया गया था। संजय ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जिन लोगों ने मुझे वोट दिया है उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जिन्होंने मेरे पिता के खिलाफ साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि मेरी जीत उन लोगों पर जोरदार तमाचा है। मैं राज्य में क्रिकेट की भलाई के लिए काम करूंगा।

एमसीए के चुनाव चार अक्टूबर को

मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने शुक्रवार को अपने राज्य संघ के चुनाव की घोषणा की। यह चुनाव चार अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे। एमसीए की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक चार अक्टूबर को सुबह आठ से 11 बजे तक वोट होंगी। डीएन चौधरी ने पहले चुनाव अधिकारी बनने से इन्कार कर दिया था, लेकिन अब वही इस भूमिका को निभाएंगे।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी