साथियों ने कहा, लौट आओ युवी

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने आज युवराज सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि बांए हाथ का धाकड़ बल्लेबाज और उनका साथी युवी दमदार वापसी करेगा।

By Edited By: Publish:Sun, 12 Feb 2012 08:11 PM (IST) Updated:Sun, 12 Feb 2012 08:11 PM (IST)
साथियों ने कहा, लौट आओ युवी

एडिलेड। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने आज युवराज सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि बांए हाथ का धाकड़ बल्लेबाज और उनका साथी युवी दमदार वापसी करेगा।

युवराज के फेफड़ों के बीच में घातक ट्यूमर है जिसके लिए वह अमेरिका में कीमोथेरेपी करा रहे हैं। धोनी ने भारत की त्रिकोणीय सीरीज में आस्ट्रेलिया पर चार विकेट से जीत के बाद कहा, वह जल्द ही स्वस्थ होगा। वह उन लोगों में शामिल है जिन्हें चुनौती पसंद है और मेरा मानना है कि वह और मजबूत होकर लौटेगा। गंभीर ने भी युवराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। अपनी 92 रन की पारी के लिए मैन आफ द मैच बने गंभीर ने कहा, यह संदेश बहुत अच्छे मित्र के लिए है। हम युवराज को जल्द से जल्द स्वस्थ देखना चाहते हैं। वह इस जगह [मैदान] के लिए बना है और हमें उसकी बहुत कमी खल रही है। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे। धोनी ने ऐसे में क्लाइंट मैकाय पर छक्का लगाया जिससे भारत यह मैच जीतने में सफल रहा। धोनी ने उसे विशेष शाट करार दिया। धौनी ने कहा, वह छक्का बहुत खास था। मैच में तब हमें उस छक्के की जरूरत थी। विश्व कप का छक्का भी खास था लेकिन तब हम एक रन लेकर भी जीत दर्ज कर सकते थे। भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की लेकिन धोनी को लगता है कि शाट के चयन में अब भी सुधार की जरूरत है। माही ने कहा, आपको यह आकलन करना होगा कि क्या आपको वह शाट खेलना चाहिए। इस मैच में कुछ शाट ऐसे थे जिन्हें हमें नहीं खेलना चाहिए था इसलिए इस पर काम करने की जरूरत है। धौनी ने कहा, मैंने रैना से कहा कि मैच को आखिर तक ले जाना है। तब कंगारू बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे थे। इसलिए हमने मैच आखिर तक ले जाने और खराब गेंदों पर प्रहार करने की रणनीति अपनाई थी। धोनी ने इसके साथ ही कहा कि टीम एक बार में एक मैच पर ही ध्यान देगी। भारतीय कप्तान ने कहा, शीर्ष दो में रहना हमेशा अच्छा रहता है लेकिन एक बार में एक मैच पर ध्यान देना महत्वपूर्ण होता है। अभी से फाइनल के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। हमें अभी एक बार में एक मैच पर ध्यान देने की जरूरत है।

गंभीर भी सीरीज में पहली बार आस्ट्रेलिया को हराने से राहत महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए आस्ट्रेलिया के खिलाफ महत्वपूर्ण मैच था और मैं टीम की सफलता में योगदान देकर खुश हूं। आस्ट्रेलिया में बनाया गया प्रत्येक रन विशेष होता है। धोनी के 112 मीटर तक गए छक्के के बारे में गंभीर ने कहा, धोनी अच्छा फिनिशर है और शांत बने रहता है जो इस तरह की परिस्थितियों में महत्वपूर्ण होता है। आस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा कि उनकी टीम ने 10-20 रन कम बनाए। क्लार्क ने कहा, हमने यदि 10-20 रन और बनाए होते तो परिणाम अलग होता। इसके अलावा हमारा क्षेत्ररक्षण भी अच्छा नहीं रहा। क्लार्क ने धोनी की प्रशंसा की जिन्होंने आखिर में भारत को मैच जिताया। क्लार्क ने कहा, उसने अपनी पारी बड़ी खूबसूरती से संवारी। धोनी को पूरा श्रेय जाता है। वह एकदिवसीय मैचों का बहुत अच्छा खिलाड़ी है। आस्ट्रेलियाई कप्तान ने अपने पहले मैच में ही 66 रन बनाने वाले पीटर फोरेस्ट की तारीफ की। उन्होंने कहा, फोरेस्ट ने मौके का पूरा फायद उठाया। अब अगले दो मैच काफी कड़े होंगे। अब यह देखना है कि हम सिडनी में कैसी वापसी करते हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी