ग्लेन मैक्सवेल जल्द ही करेंगे मैदान पर वापसी, विक्टोरिया टीम के साथ शुरू कर दी प्रैक्टिस

मैक्सवेल ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है और वो जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 06 Dec 2019 05:03 PM (IST) Updated:Fri, 06 Dec 2019 05:03 PM (IST)
ग्लेन मैक्सवेल जल्द ही करेंगे मैदान पर वापसी, विक्टोरिया टीम के साथ शुरू कर दी प्रैक्टिस
ग्लेन मैक्सवेल जल्द ही करेंगे मैदान पर वापसी, विक्टोरिया टीम के साथ शुरू कर दी प्रैक्टिस

 मेलबर्न, प्रेट्र। ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल अपनी मानसिक परेशानी से निजात पाने के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया था, पर अब ऐसा लग रहा है कि वो जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। मैक्सवेल को अपनी स्टेट टीम विक्टोरिया के साथ अभ्यास करते देखा गया। उन्होंने क्लब क्रिकेट में वापसी भी कर ली है और तीन मैच विक्टोरिया प्रीमियर लीग के लिए खेले। मैक्सवेल ने इस साल अक्टूबर में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे टी 20 सीरीज के दौरान ही अपनी मानसिक परेशानी की वजह से क्रिकेट से ब्रेक लिया था। 

ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटर मार्कस हैरिस ने क्रिकेट डाट काम डाट एयू से बातचीत करते हुए कहा कि मैक्सी वापसी के लिये पूरी मेहनत कर रहा है । मुझे नहीं पता कि इस सप्ताह वापसी करेगा या बिग बैश में लेकिन वापसी ज्यादा दूर नहीं है। मैक्सवेल ने अक्टूबर में श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान क्रिकेट से ब्रेक लिया था। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने खुद मैक्सवेल के ब्रेक के फैसले की घोषणा की थी।

वहीं दूसरी तरफ सीए के बुपा सपोर्ट टीम साइक्लोजिस्ट डॉ माइकल ल्‍यॉड ने कहा था कि ग्लेन मैक्सवेल मानसिक रूप से कुछ परेशानी झेल रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि वह कुछ समय के लिए खेल से दूरी बनाना चाहते हैं। ग्लेन इस समस्याओं का हल खोजने में जुटे हुए हैं और वह सपोर्ट स्टाफ के साथ इस पर काम कर रहे हैं।'

वहीं, सीए के राष्ट्रीय टीम के कार्यकारी महाप्रबंधक बेन ओलिवर ने कहा था कि हमारे खिलाड़‍ियों और स्टाफ की अच्छी सेहत सबसे अहम हैं। ग्लेन को हमारा पूरा समर्थन हासिल है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ग्लेन मैक्सवेल के ठीक होने के लिए क्रिकेट विक्टोरिया के सपोर्ट स्टाफ के साथ संपर्क बनाए रखेगी। हम सभी से कहना चाहते हैं कि ग्लेन और उनके परिवार व दोस्तों को जगह दी जाए और उनकी निजता का सम्मान किया जाए। 

उन्होंने आगे कहा कि ग्लेन मैक्सवेल हमारी टीम के लिए बेहद खास हैं और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट परिवार के अहम सदस्य हैं। हम जल्द ही उन्हें क्रिकेट के मैदान पर फिर से देखने के लिए बेकरार हैं। ये हमारे लिए जरूरी है कि हम मैक्सवेल और अपनी टीम के सभी खिलाड़ियों को लेकर सतर्क रहें और उन पर पूरा ध्यान दें। 

chat bot
आपका साथी