'नजफगढ़ के नवाब' सहवाग ने कुछ ऐसे मनाया जन्मदिन, उनकी जगह किसी और ने काटा केक
20 अक्टूबर इस पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग का जन्मदिन होता है और आज के दिन अपने फैंस के साथ जुड़ने का मौका वीरू कभी नहीं छोड़ते। सहवाग ने सोशल नेटवर्किंग साइट कू पर जन्मदिन के मौके पर खास वीडियो शेयर किया है।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग की बल्लेबाजी की धमक से पूरी दुनिया वाकिफ है। जितना क्रिकेट करियर के दौरान इस विस्फोटक बल्लेबाज ने अपने खास अंदाज से लुभाया था इतना ही वह संन्यास लेने के बाद लोगों को अपने सोशल मीडिया संदेश से रोमांचित करते रहते हैं। 20 अक्टूबर इस धुंआधार खिलाड़ी का जन्मदिन होता है और आज के दिन अपने फैंस के साथ जुड़ने का मौका वीरू कभी नहीं छोड़ते। सहवाग ने सोशल नेटवर्किंग साइट कू पर जन्मदिन के मौके पर खास वीडियो शेयर किया है।
हाल ही में कू पर धमाकेदार अंदाज में आगाज करने वाले सहवाग की पारी धुंआधार चल रही है। लगातार उनके चाहने वाले उनको इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर फोला करते जा रहे हैं। सहवाग ने 20 अक्टूबर को अपने जन्मदिन पर विश करने वाले तमाम चाहने वालों को शुक्रिया कहा। उन्होंने सभी फैंस के साथ एक वीडियो साझा किया है। कू पर अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ केक काटते हुए सहवाग का वीडियो वायरल हो रहा है।
इस वीडियो की खास बात यह है कि ये धुरंधर अपना केक खुद नहीं काट रहे। सहवाग के बेटे ने पापा की जगह केक काटा। केक जब कट रहा था तो सहवाग पास खड़े होकर इसका मजा उठा रहे थे। आखिरकार दादी ने बोल ही दिया कि अरे पापा के जन्मदिन का केक तूने ही काट लिया।
सहवाग का जन्म 20 अक्टूबर 1978 में दिल्ली के नजफगढ़ में हुआ था। टेस्ट क्रिकेट में सबसे पहले तिहरा शतक बनाने का कमाल इसी बल्लेबाज के नाम दर्ज है। सहवाग ने दो तिहरे शतक लगाए हैं। वनडे में दोहरा शतक बनाने का कमाल भी वह कर चुके हैं। 104 टेस्ट मैच में उनके नाम कुल 8586 रन हैं जिसमें 23 शतक दर्ज हैं। वनडे की बात करें तो सहवाग ने 251 मैच खेलकर 8273 रन बनाए हैं। वनडे में उन्होंने 15 शतक जमाए हैं।