नसबंदी कांड को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने की तैयारी: भूपेश

रायपुर [ब्यूरो]। बिलासपुर नसबंदी कांड को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में अ

By Edited By: Publish:Mon, 17 Nov 2014 05:00 AM (IST) Updated:Mon, 17 Nov 2014 01:21 AM (IST)
नसबंदी कांड को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने की तैयारी: भूपेश

रायपुर [ब्यूरो]। बिलासपुर नसबंदी कांड को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने में जुटी हुई है। इसी कड़ी में अब पदयात्रा की तैयारी की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव पार्टी आलाकमान से चर्चा करने दिल्ली रवाना हो गए हैं। दोनों नेता दो दिन दिल्ली में रहेंगे और प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद के साथ ही राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से मुलाकात कर इस रणनीति बनाएंगे। वहीं राजधानी रायपुर में प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा कर आंदोलन की घोषणा करेंगे।

बिलासपुर नसबंदी कांड को लेकर कांग्रेस लगातार दबाव बनाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल के इस्तीफे की मांग कर रही है। इस मांग को लेकर कांग्रेस ने सरकार का पुतला दहन और छत्तीसग़़ढ बंद भी किया। वहीं अमानक दवा सप्लाई करने वाली कंपनियों के साथ दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पीड़ितों से मुलाकात की। श्री गांधी ने प्रदेश के नेताओं से इस मामले में सरकार के खिलाफ पदयात्रा निकालने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पदयात्रा बिलासपुर से लेकर राजधानी तक निकालने पर विचार किया जा रहा है। इसकी रणनीति दिल्ली में बनाई जाएगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव दिल्ली रवाना हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि दोनों नेता दिल्ली में आला नेताओं से मुलाकात कर इस मामले में मार्गदर्शन लेंगे। करीब दो दिनों तक दिल्ली में नसबंदी प्रकरण, किसानों को धान का बोनस और समर्थन मूल्य, निगम चुनाव सहित कई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

हाईकमान से निर्देश मिलने के बाद राजधानी में भी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें ब्लॉक से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। वहीं हाईकमान से मिले निर्देशों की जानकारी भी पदाधिकारियों को जाएगी। इसके बाद कांग्रेस नए सिरे से आंदोलन करेगी।

chat bot
आपका साथी