एक परिवार में तीन-तीन राशन कार्ड

By Edited By: Publish:Sun, 15 Jun 2014 01:27 AM (IST) Updated:Sun, 15 Jun 2014 01:27 AM (IST)
एक परिवार में तीन-तीन राशन कार्ड

छत्तीसबिलासपुर। राज्य शासन ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एक परिवार को हर महीने 35 किलोग्राम खाद्यान्न आपूर्ति की व्यवस्था की है। नियमों की आड़ लेकर एक परिवार में 35 किलोग्राम के बजाय एक क्विंटल से ज्यादा राशन की खरीदी की जा रही है। दरअसल, एक परिवार के पास एक के बजाय तीन-तीन राशन कार्ड हैं, जो बेखौफ राशन दुकानों से खाद्यान्न उठा रहे हैं। जांच के दौरान इस तरह की गड़बड़ी सामने आ रही है।

प्रदेश के साथ ही जिले में राशन कार्डों का सत्यापन चल रहा है। इसके लिए बिलासपुर शहर में भी जांच दल का गठन किया गया है। दल के सदस्य एक-एक घर में दबिश दे रहे हैं और कार्डों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान टीम को बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा मिल रहा है। कार्ड बनवाने के लिए महिला हितग्राहियों ने शपथ पत्र में न केवल गलत जानकारी दी, वरन् उसी के आधार पर राशन कार्ड भी हासिल कर लिया है। अब ऐसे लोगों की हकीकत भी सामने आ रही है। निगम क्षेत्र में बीते तीन दिनों से जांच चल रही है। इस दौरान हितग्राहियों द्वारा शपथ पत्र में दी गई जानकारी की पड़ताल की जा रही है। ऐसा कोई वार्ड नहीं, जहां गलत जानकारी के आधार पर हितग्राहियों ने कार्ड न बनवाया हो। दल के सदस्य इन कार्डो की अलग से सूची बना रहे हैं। गलत जानकारी के आधार पर बनाए गए कार्डो पर लाल चिन्ह लगाया जा रहा है। अभियान के बाद ऐसे कार्डों को रद्द किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी