मिस्त्री और नुस्ली वाडिया को डायरेक्टर पद से हटाने के लिए टाटा केमिकल्स ने बुलाई ईजीएम

टाटा संस पूरी तरह साइरस मिस्त्री के खिलाफ सख्ती के मूड में है, इसलिए मिस्त्री को कंपनी के बोर्ड से हटाने के लिए ईजीएम बुलाने को कहा गया है

By Surbhi JainEdited By: Publish:Wed, 23 Nov 2016 10:25 AM (IST) Updated:Wed, 23 Nov 2016 11:48 AM (IST)
मिस्त्री और नुस्ली वाडिया को डायरेक्टर पद से हटाने के लिए टाटा केमिकल्स ने बुलाई ईजीएम

नई दिल्ली। टाटा संस पूरी तरह साइरस मिस्त्री के खिलाफ सख्ती के मूड में आ गई है। 103 अरब डॉलर के टाटा समूह पर अपनी गिरफ्त मजबूत करने के लिए टाटा संस ने टाटा पावर से साइरस को कंपनी के बोर्ड से हटाने की खातिर शेयरधारकों की असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने को कहा है।

इसके लिए समूह की एक अन्य कंपनी टाटा केमिकल्स ने ईजीएम बुलाने की तारीख भी तय कर दी है। टाटा संस के निदेशक बोर्ड ने 24 अक्टूबर के दिन मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटा दिया था। तभी से ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस और मिस्त्री के बीच विवाद जारी है।
मिस्त्री ग्रुप की कुछ कंपनियों का अब भी नेतृत्व कर रहे हैं और कुछ अन्य के बोर्ड में हैं। विवाद के बाद से टाटा संस मिस्त्री को समूह की सभी कंपनियों से हटाने के लिए दबाव बना रही है। टाटा पावर ने बताया है कि उसे प्रमुख प्रमोटर कंपनी टाटा संस से नोटिस मिला है।
इसमें मिस्त्री को कंपनी के बोर्ड से हटाने के लिए ईजीएम बुलाने को कहा गया है। यही कदम उठाने के लिए टाटा केमिकल्स ने 23 दिसंबर को ईजीएम बुलाई है। इसमें मिस्त्री के साथ ही दोस्त से दुश्मन बने नुस्ली वाडिया को भी कंपनी के डायरेक्टर पद से हटाने पर फैसला होगा। मिस्त्री अभी टाटा केमिकल्स के चेयरमैन हैं।

टाटा ग्लोबल बेवरेजेस के बोर्ड ने बीते हफ्ते मिस्त्री के खिलाफ वोट किया था। लेकिन वह अब भी इस कंपनी और अन्य फर्मों के निदेशकमंडल में बने हुए हैं। उन्हें सिर्फ शेयरधारकों के वोट से ही हटाया जा सकता है। टाटा संस की ग्रुप की सफलतम फर्म टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 73.26 फीसद हिस्सेदारी है।

इस दबदबे का इस्तेमाल कर वह टीसीएस से मिस्त्री को चलता कर चुकी है। इसके लिए 13 दिसंबर को ईजीएम बुलाई गई थी।

समूह की हॉस्पिटैलिटी फर्म इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने भी अपने बोर्ड से साइरस का पत्ता साफ करने के लिए 20 दिसंबर को ईजीएम बुलाई है। यह फर्म देशभर में ताज ग्रुप ऑफ होटल्स चलाती है। इंडियन होटल्स में टाटा संस की 28.01 फीसद हिस्सेदारी है।

chat bot
आपका साथी