कच्चे तेल का आयात घटाने में जुटी केंद्र सरकार

धर्मेद्र प्रधान ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया वित्त वर्ष 2017 में कच्चे तेल का आयात कुल घरेलू खपत का 82 फीसद रहा

By Surbhi JainEdited By: Publish:Tue, 21 Mar 2017 09:49 AM (IST) Updated:Tue, 21 Mar 2017 09:53 AM (IST)
कच्चे तेल का आयात घटाने में जुटी केंद्र सरकार
कच्चे तेल का आयात घटाने में जुटी केंद्र सरकार

नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। कच्चे तेल (क्रूड) के आयात को घटाने के लिए तेल व गैस उत्पादन को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में कच्चे तेल का आयात कुल घरेलू खपत का 82 फीसद रहा है। पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 तक ऊर्जा आयात को दस फीसद घटाने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रधान ने कहा कि ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने की खातिर सरकार ने देश में तेल और गैस के उत्खनन एवं उत्पादन को बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इस संबंध में एक सवाल के लिखित जवाब में प्रधान ने यह भी बताया कि चालू वित्त वर्ष में जनवरी तक घरेलू खपत के आधार पर कच्चे तेल का आयात 82 फीसद था। जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 80.90 फीसद था।

बीते तीन वित्तीय वर्षो के दौरान आयातित कच्चे तेल पर खर्च होने वाली राशि में बढ़ोतरी का रुख रहा है। वित्त वर्ष 2013-14 में यह राशि 77.6 फीसद थी। यह वित्त वर्ष 2014-15 में बढ़कर 78.5 फीसद हो गई। देश में ज्यादातर कच्चे तेल का उत्पादन आंध्र प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु और तटीय इलाकों के पुराने क्षेत्रों से होता है।

chat bot
आपका साथी