एक बार फिर लौटी ठंड, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

बगहा। ठंड का असर दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। बीते तीन दिन पहले तक निकल रही धूप से

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 11:14 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 11:14 PM (IST)
एक बार फिर लौटी ठंड, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी
एक बार फिर लौटी ठंड, कोहरे ने बढ़ाई परेशानी

बगहा। ठंड का असर दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। बीते तीन दिन पहले तक निकल रही धूप से ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि अब ठंड वापस लौटकर नहीं आने वाला। लेकिन रविवार को अहले सुबह से ही क्षेत्र में चारों तरफ कोहरा छाया रहा और ओस की फुहारें गिरने लगीं। जिसकी वजह से लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराते दिखे। दोपहर तक मौसम में जरा सी भी तब्दीली नहीं हुई। कनकनी बढ़ती रही। जिसकी वजह से ठंड से बचने के लिए लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ा। वहीं दूसरी ओर ठंड की वजह से गर्म कपड़ों की दुकानों में खरीदारों की भीड़ एक बार फिर नजर आई। हरनाटांड़ बाजार के दुकानों में ऊनी कपड़ों की बिक्री काफी मात्रा में हो रही है। यहां शॉल, चादर, स्वेटर और अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम के वक्त बरतें एहतियात : हरनाटांड़ के चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार गिरि ने बताया कि यह मीठी ठंड बच्चों और बुजुर्गों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इस मौसम में छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। ठंड का मौसम अपने अंत की ओर है। इस दौरान कनकनी ज्यादा रहती है। ऐसे में पहले से ज्यादा एहतियात बरतने की आवश्यकता रहती है। इस मौसम में दिन में गर्मी का अहसास होता है, लेकिन जैसे-जैसे शाम ढलती है, ठंड बढ़ने लगती है। ऐसे में बच्चों पर खास ध्यान देने की जरूरत रहती है। डॉ. गिरि ने बताया कि ठंड के मौसम में खान-पान पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। ठंडी चीजें जैसे आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिक से बिल्कुल परहेज करना चाहिए। इसके अलावा ज्यादा देर तक रखी खाद्य सामग्री भी नहीं खानी चाहिए या खाने से पहले उसे गर्म कर लेना चाहिए। इस मौसम में सुबह के आठ बजे से शाम चार बजे तक गर्मी का अहसास होगा। लेकिन शाम चार बजे के बाद जैसे-जैसे समय बढ़ेगा, ठंड भी वैसे ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि मौसम में परिवर्तन सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इन दिनों बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए।

chat bot
आपका साथी