शौचालय निर्माण की राशि की मांग को ले महिलाओं ने किया प्रदर्शन

शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिलने से आक्रोशित सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार को पातेपुर प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसी दौरान वहां पहुंचे महुआ डीसीएलआर का प्रदर्शनकारी महिलाओं ने घेराव कर नारेबाजी की।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Apr 2019 12:08 AM (IST) Updated:Thu, 04 Apr 2019 06:31 AM (IST)
शौचालय निर्माण की राशि की मांग को ले महिलाओं ने किया प्रदर्शन
शौचालय निर्माण की राशि की मांग को ले महिलाओं ने किया प्रदर्शन

संवाद सूत्र : पातेपूर :

शौचालय निर्माण की राशि नहीं मिलने से आक्रोशित सैकड़ों महिलाओं ने बुधवार को पातेपुर प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इसी दौरान वहां पहुंचे महुआ डीसीएलआर का प्रदर्शनकारी महिलाओं ने घेराव कर नारेबाजी की। प्रखंड की निलो रुकुन्दपुर, .डभैछ, तिसीऔता पंचायत की आक्रोशित महिलाएं बुधवार की दोपहर प्रखंड मुख्यालय पर पहुंची एवं प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए बीडीओ, वार्ड सदस्य, विकास मित्र के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।

आक्रोशित महिलाओं का आरोप था कि उनलोगों ने कर्ज लेकर एवं ब्याज पर रुपये लेकर शौचालय का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य पूरा होने के छह महीने बाद भी राशि का भुगतान नहीं हुआ है। महिलाओं का आरोप था कि राशि निकलवाने के एवज में विकास मित्र के द्वारा अधिकांश लाभार्थियों से दो-दो हजार रुपये ले लिए गए। बाकी बचे लाभार्थियों से भी दो-दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। महिलाओं के प्रदर्शन के क्रम में महुआ डीसीएलआर कुमार रवींद्र किसी कार्य से प्रखंड मुख्यालय पहुंचे थे। आक्रोशित महिलाएं डीसीएलआर का घेराव कर प्रदर्शन करने लगीं। डीसीएलआर को महिलाओं ने बताया कि शौचालय निर्माण की राशि देने में प्रखंड कार्यालय से टाल मटोल किया जा रहा है। प्रखंड कर्मी, विकास मित्र एवं वार्ड सदस्य के मेल में आकर शौचालय निर्माण की राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं। डीसीएलआर कुमार रवींद्र ने आक्रोशित महिलाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी जांच करा कर एक सप्ताह में राशि आवंटन कराने का प्रयास किया जाएगा। डीसीएलआर से आश्वासन मिलने के बाद आक्रोशित महिलाएं शांत हुईं।

इस सम्बन्ध में बीडीओ डॉक्टर संदीप कुमार ने बताया कि तीनों पंचायत के अधिकांश लाभार्थियों का भुगतान कर दिया गया है। बाकी बचे लाभार्थियों के भुगतान के लिए जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलते ही राशि का भुगतान किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी