मौसम का बदला मिजाज, इलाके में बारिश का दौर जारी

इलाके में जारी बारिश के चलते जहां मौसम का मिजाज बदल गया है, वहीं इलाका सर्द हो गया है। तापमान में कमी के साथ एक बार फिर इलाका सर्दी की चपेट में है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 08 Feb 2019 11:22 PM (IST) Updated:Fri, 08 Feb 2019 11:22 PM (IST)
मौसम का बदला मिजाज, इलाके में बारिश का दौर जारी
मौसम का बदला मिजाज, इलाके में बारिश का दौर जारी

सीतामढ़ी। इलाके में जारी बारिश के चलते जहां मौसम का मिजाज बदल गया है, वहीं इलाका सर्द हो गया है। तापमान में कमी के साथ एक बार फिर इलाका सर्दी की चपेट में है। बेमौसम बारिश के चलते जहां किसान परेशान है, वहीं जलजमाव और कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सबसे बड़ी परेशानी बिजली को लेकर है। गुरुवार की रात 12 बजे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। डुमरा में आठ घंटे बाद बिजली पहुंची। हालांकि कई इलाकों गुरुवार की आधी रात से बिजली गुल है। इलाके में गुरुवार की आधी रात तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। शुक्रवार को भी पूरे दिन रूक-रूक कर बारिश होती रहीं। पूरा दिन आसमान बादलों से पटा रहा। वहीं शीतल हवाएं बहती रही। बारिश के चलते लोग घरों में दूबके रहे। बेमौसम बारिश के बाद इलाका सर्द हो गया है। मौसम का मिजाज बदलने से शुक्रवार को अचानक सर्दी बढ़ गई। जिस तरह तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी, उससे लोगों को न तो ठंड बढ़ने की उम्मीद थी और नहीं बारिश की ही। लेकिन रिमझिम बरसात के साथ आई तेज हवाओं ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे तक इलाके में तेज आंधी-पानी और ओलावृष्टि आसार बने रहेंगे। इधर, इस बारिश ने किसानों के लिए भी परेशानी खड़ी कर दी है। अब तक कुंहासे का इंतजार कर रहे गेंहू की फसल को बारिश से जबरदस्त नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा आम को छोड़ तमाम रब्बी फसलों के लिए यह बारिश नुकसानदायक साबित हुआ है। ऐसे में किसानों की परेशानी बढ़ गई है। डुमरा प्रखंड के परसौनी निवासी किसान विमलेश झा के अनुसार इस बारिश ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। आम को छोड़ तमाम फसल बेमौसम बारिश के चलते बर्बाद हो गए है। जबकि मुरादपुर निवासी रामचंद्र महतो के अनुसार बारिश का दौर अभी जारी है। अगर और अधिक बारिश हुई तो किसानों की कमर टूट जाएगी। तापमान में सात डिग्री की गिरावट

सीतामढ़ी : इलाके में जारी तेज बारिश के चलते सर्दी का सितम तेज हो गया है। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को इलाके का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस था। जबकि शुक्रवार का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वैसे शनिवार को भी इलाके में बारिश होने के आसार है। वहीं तापमान में गिरावट भी तय है। जलजमाव और कीचड़ से परेशानी

सीतामढ़ी : इलाके में गुरुवार की रात से रुक-रुक कर लगातार जारी बारिश ने न केवल किसानों की परेशानी बढ़ा दी है, बल्कि आम जनता को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश के बाद सीतामढ़ी शहर और डुमरा समेत कई इलाकों में जलजमाव से लोग परेशान है। सबसे बड़ी परेशानी कीचड़ को लेकर है। कई सड़कें कीचड़ से सन गई है। इसके चलते सड़कें कातिल बन गई है। लोगों का चलना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश के चलते बिजली गुल

सीतामढ़ी : इलाके में जारी बारिश के चलते कई इलाकों से बिजली गुल हो गई है। डुमरा में गुरुवार की रात 12 बजे बिजली गूल हुई। शुक्रवार को आठ घंटे बाद आई। कई इलाकों में चंद मिनटों के लिए बिजली के आने और फिर जाने का दौर पूरे दिन जारी रहा। जबकि कई इलाकों में शुक्रवार को भी बिजली गुल रही। इसके चलते लोग परेशान रहे। सबसे ज्यादा परेशानी पेयजल के लिए हुई। बिजली के अभाव में मोटर नहीं चलने से पानी का संकट जारी रहा। उधर, जिले के कई इलाकों में शुक्रवार को भी बिजली गुल रही। कार्यपालक अभियंता कुंदन कुमार ने बताया कि बारिश से शॉर्ट सर्किट के चलते कई इलाकों में बिजली गुल थी, लेकिन अब सभी स्थानों पर आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त हो गई है।

chat bot
आपका साथी