Sheikhpura: तालाब में डूबने से चचेरे भाइयों की मौत, फुफेरी दादी के श्राद्ध कर्म में आए थे दोनों किशोर
शेखपुरा में दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में पहुंचे थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों भाइयों के शव को बाहर निकाला।
शेखपुरा, जागरण संवाददाता। बिहार के शेखपुरा जिले में मंगलवार की सुबह तालाब में स्नान के दौरान दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपनी फुफेरी दादी के श्राद्ध कर्म में शेखपुरा सदर प्रखंड के लोदीपुर धेउसा गांव में अपने परिवार के साथ आए थे।
जानकारी के मुताबित, देवरा गांव निवासी मंटू सिंह और नवीन सिंह सगे भाई हैं। उनकी बुआ का देहांत हुआ था। इसी में दोनों भाई अपने परिवार के साथ धेउसा गांव में फूफा बाल्मीकि सिंह के घर आए थे। मंगलवार की सुबह मंटू सिंह के 16 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार एवं नवीन सिंह के 14 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार गांव के तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
दोनों के शव को तालाब से गांव वालों के द्वारा काफी परिश्रम के बाद निकाला जा सका। बाइक से दोनों बच्चों को सदर अस्पताल भी ले जाया गया। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद अस्पताल में कोहराम मच गया। एक साथ सगे भाइयों के बेटों की मौत से गांव में गमगीन माहौल है।