कलश शोभा यात्रा के साथ शक्ति की भक्ति शुरू

शिवहर। जिले में कोरोना के खात्मे के संकल्प के साथ मंगलवार को चैती नवरात्र शुरू हुआ। परस

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 11:21 PM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 11:21 PM (IST)
कलश शोभा यात्रा के साथ शक्ति की भक्ति शुरू
कलश शोभा यात्रा के साथ शक्ति की भक्ति शुरू

शिवहर। जिले में कोरोना के खात्मे के संकल्प के साथ मंगलवार को चैती नवरात्र शुरू हुआ। परसौनी बैज पंचायत में कोरोना से मुक्ति के लिए मां भगवती की जीवंत झांकियों के साथ मंगल कलश शोभा यात्रा निकाली गई। कोरोना को लेकर जारी गाइडलाइन के बीच कुंवारी कन्याओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। परसौनी बैज से निकली कलश शोभा यात्रा डुब्बा घाट स्थित बागमती नदी के तट पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल लेकर कन्याएं पूजा स्थल पर पहुंची। कलश शोभा यात्रा में जिप अध्यक्ष नीलम देवी, पुजारी शिवजी पटेल, आचार्य अविनाश तिवारी, व्यवस्थापक सुमन कुमार चौबे, मुकेश गुप्ता, मिट्ठू लाल मिश्रा, नागेन्द्र ठाकुर, वीरेंद्र साह व मनोज सिंह के अलावा ग्रामीण शामिल हुए। बताते चलें कि, जिले के परसौनी बैज और अंबा दक्षिणी में माता दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है। घर-घर में शुरू हुई शक्ति की साधना :

चैती नवरात्र पर जिले के विभिन्न देवी मंदिरों में पुजारियों द्वारा कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए परम्परागत तरीके से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगलवार को कलश स्थापन पर पूजा की शुरूआत की गई। जबकि, कुछ मंदिरों में तांत्रिकों ने सिद्धि और शक्ति के लिए भक्ति शुरू की। उधर, मंदिरों में आम जनता के प्रवेश पर रोक है। लिहाजा, लोगों ने घरों में ही पूजा का संकल्प लिया। अधिकांश लोगों ने इस बार नवरात्र पर कोरोना के खात्मे का संकल्प लिया। इसके लिए कोरोना को लेकर जारी सरकारी गाइड लाइन का पालन करने का भी निर्णय लिया गया। इधर, कुछ ग्रामीण इलाकों से निकल रहे गीतों के जरिए जिले में भक्ति का माहौल है। बाजारों में भी उत्साह दिख रहा है। शहर के गुदरी, जीरोमाइल, थाना रोड, राजस्थान चौक समेत प्रमुख बाजारों में नारियल, चुनरी, अगरबत्ती, धूप, दीप, फल, मिठाई, मिट्टी के बर्तन, फोटो आदि की दुकानें सज गई है। लोग जमकर खरीदारी भी कर रहे है।

chat bot
आपका साथी