कुख्यात बीरा को ससुर ने सिखाई थी डकैती

फोटो 26 सीपीआर - तरैया पुलिस ने डकैत को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर सामान बरामद -डकैती व हत्या

By Edited By: Publish:Fri, 26 Jun 2015 07:00 PM (IST) Updated:Fri, 26 Jun 2015 07:00 PM (IST)
कुख्यात बीरा को ससुर ने सिखाई थी डकैती

फोटो 26 सीपीआर

- तरैया पुलिस ने डकैत को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर सामान बरामद

-डकैती व हत्या के दर्जनों मामले हैं दर्ज, गैर जमानतीय वारंट था निर्गत

संसू, तरैया (सारण) : सारण पुलिस के लिए सिरदर्द बने कुख्यात डकैत बीरा को उसके ससुर ने ही डकैती की महारत सिखाई थी। मशरक का शांता नट ने अपने दामाद बीरा नट को अपने गिरोह में शामिल कर डकैती का प्रशिक्षण दिया था। सर्वप्रथम वह डकैती के लिए अपने ससुर शांता नट के साथ गया था। छोटी बड़ी घटनाओं में शामिल बीरा बाद में डकैत गिरोह का सरगना बन गया। इस बात का खुलासा तब हुआ जब तरैया पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने थाना क्षेत्र के रामपुर महेश गांव से गुप्त सूचना के आधार पर कुख्यात डकैत बीरा नट को गिरफ्तार कर लिया। उसपर अपर एवं सत्र न्यायाधीश दशम के यहां से गैरजमानतीय वारंट भी निर्गत था। बीरा नट जिले के विभिन्न थानों के अलावा सिवान के भगवानपुर थाने का वांछित अभियुक्त था और इधर कुछ दिनों से पुलिस के लिए सरदर्द बना था। इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, एसआइ मनोज कुमार प्रसाद, एएसआई अरविंद सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने भाग लिया।

कुख्यात अपराधी बीरा ने 19 अप्रैल 15 को तरैया के मंझोपुर गांव में हुई भीषण डकैती कांड में संलिप्तता स्वीकार की है। बीरा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से सामान भी बरामद कर लिया है। साथ ही डकैती कांड में शामिल अन्य साथियों का भी नाम कबूले हैं। जिसके आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार ने पुलिस को बताया कि मंझोपुर के बलिराम सिंह के घर हुई भीषण डकैती का वह मुख्य सरगना था और मंझोपुर गांव स्थित सड़क निर्माण कंपनी के बेस कैंप स्थित मैदान में इसके सहयोगी मुसेपुर के राजेश नट मुन्ना नट, मुकुरधून नट, रागी नट, वीरेन्द्र नट थे। सभी पिकअप वैन से आये थे रात्रि में योजना बनाई तथा एक बजे के बाद घर में पीछे से प्रवेश किया तथा घटना को अंजाम दिया। डकैती की घटना में साढ़े छह लाख रुपये की लूट की प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। बीरा ने पुलिस को बताया कि घटना के दस दिन बाद उसे हिस्से का बीस हजार रुपये व दो-तीन साड़ी मिली। गिरफ्तार डकैत के निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से साड़ी व अन्य सामान बरामद कर लिया है।

इनसेट

इन मामलों में था वांछित

थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश पर लूट व हत्या के दर्जनों मामले दर्ज है। उन्होंने बताया कि जुलाई 08 में घोघराहा रामपुर महेश गांव निवासी विनोद साह के घर डकैती कांड में नामजद था। इस कांड में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जमानत के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण अपर एवं सत्र न्यायाधीश दशम के यहां से इसपर गैर जमानतीय वारंट निर्गत था। वहीं मई 2002 में मंझोपुर में एक हत्या किया था और कांड सं 27/02 में नामजद था। सिवान के भगवानपुर थाना में वह एक डकैती कांड में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस को कई मामलों में बीरा की वांछित बदमाश के रूप में खोज थी। इसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।

chat bot
आपका साथी