दूसरे दिन भी भूकंप आने से मची भगदड़, दर्जन भर घायल

जागरण संवाददाता, छपरा : दूसरे दिन रविवार की दोपहर में आये भूकंप से धरती एक बार फिर डोल गई। झटका लगते

By Edited By: Publish:Sun, 26 Apr 2015 09:09 PM (IST) Updated:Sun, 26 Apr 2015 09:09 PM (IST)
दूसरे दिन भी भूकंप आने से मची भगदड़, दर्जन भर घायल

जागरण संवाददाता, छपरा : दूसरे दिन रविवार की दोपहर में आये भूकंप से धरती एक बार फिर डोल गई। झटका लगते ही लोगों में भगदड़ मच गई। लोग अपना घर बार छोड़कर भाग चले। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच भगदड़ मच गई थी। भूकंप की वजह से जिले में एक दर्जन से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए और दर्जन भर लोग घायल भी हो गए।

विदित हो कि शनिवार को आये भूकंप से लोग दहशत में थे। उस भूकंप को लोग अभी भूल भी नहीं पाये थे कि रविवार की दोपहर करीब 12.40 बजे दुबारा भूकंप का झटका लगा। झटका लगते ही लोगों में भगदड़ मच गई। लोग चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे। महिलाएं अपने घरों से अपने-अपने बच्चों को लेकर भाग खड़ी हुई। चारों तरफ शोर ही शोर था। रविवार को भी कई सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय खुले हुए थे। भूकंप का झटका लगते ही उसमें कार्य कर रहे कर्मी कार्यालय छोड़कर बाहर भाग गए। दुकानदार भी अपनी-अपनी दुकानों को छोड़कर सड़क पर खुले आसमान के नीचे आ गए। छपरा जंक्शन पर भी यात्रियों व रेलकर्मियों में भी भगदड़ मच गई। एकाएक स्टेशन खाली हो गया। दूसरे दिन आये भूकंप से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करीब एक दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गया। एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में इलाज कराया गया। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार आधा दर्जन लोग ही घायल हुए हैं। कुछ लोगों के मकान गिर गया है। जिन्हें गृह क्षति अनुदान देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इनका मकान हुआ क्षतिग्रस्त व घायल लोगों का नाम

रविवार को आये भूकंप के झटका से जिले में आंशिक क्षति हुआ है। जिला प्रशासन के आपदा प्रबंधन शाखा के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार जलालपुर प्रखंड के नवादा इनामीपुर गांव निवासी बीर बहादुर महतो का खपरैल मकान गिर गया। मकेर प्रखंड के विशुनपुर पिपराही गांव निवासी लालबहादुर सिंह का मकान गिर गया। वहीं छपरा सदर प्रखंड के दहियांवा टोला निवासी स्व.बिगन मांझी की पत्‍‌नी पार्वती कुवंर का खपरैल का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। सदर छपरा प्रखंड के मुकुन्द राय का टोला डुमरी निवासी मकेश्वर साह का कच्चा मकान गिर गया। वहीं दिघवारा प्रखंड के हेमंतपुर गांव निवासी अनिल साह की पत्‍‌नी अनिता देवी भूकंप के डर से भागने के दौरान गिर कर गंभीर रुप से घायल हो गई। वहीं दिघवारा प्रखंड के राइपट्टी निवासी उमेश कुमार दीवार गिरने से घायल हो गए। परसा प्रखंड के विशुनपुरा निवासी रामनाथ सिंह दीवार गिरने से घायल हो गए हैं। वहीं परसा प्रखंड के शंकरडीह गांव निवासी धर्मनाथ साह भी दीवार गिरने से गंभीर रुप घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया। जिला प्रशासन ने जिनका मकान क्षतिग्रस्त हुआ है उन्हें गृह क्षति अनुदान की भुगतान करने की कार्रवाई शुरू कर दिया है।

chat bot
आपका साथी