लॉकडाउन का अनुपालन कराने को ले पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां तेज

कोरोना वायरस से बचाव को ले लॉकडाउन के पांचवें दिन शुक्रवार को अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में लॉकडाउन का अनुपालन कराने को ले पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां तेज हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Mar 2020 10:13 PM (IST) Updated:Sat, 28 Mar 2020 06:14 AM (IST)
लॉकडाउन का अनुपालन कराने को ले पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां तेज
लॉकडाउन का अनुपालन कराने को ले पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां तेज

कोरोना वायरस से बचाव को ले लॉकडाउन के पांचवें दिन शुक्रवार को अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में लॉकडाउन का अनुपालन कराने को ले पुलिस-प्रशासन की गतिविधियां तेज हो गई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से घर से निकले लोगों को जहां पुलिस ने विधिवत जांच के बाद जाने दिया, वहीं अनावश्यक रूप से सड़कों पर निकले बाइक सवारों से जुर्माना भी वसूला गया व उन्हें घरों रहने की सख्त चेतावनी दे मुक्त किया। शहर को एक तरह से पूरी तरह सील कर दिया गया है। एसडीएम लाल ज्योतिनाथ शाहदेव व एएसपी संजय कुमार, नगर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार लगातार सड़क पर गश्त लगा रहे हैं। बाहर निकले लोगों की जमकर खैरियत ली। सड़क पर घूमते नजर आए वैसे लोगों को कई जगह ऊठक-बैठक कराई गई। कहा कि लोग बेवजह अपने घरों से बाहर नहीं निकले। घरों में रहने के सुझाव पर अमल नही करने वालों के साथ प्रशासन सख्ती से पेश आएगा।

सुबह में बाजार में आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी को ले दुकानों पर लोगो की कुछ भीड़ नजर आई, परंतु जरूरी सामानों को क्रय कर वापस चलते गए। हालांकि गुरुवार की तुलना में आज सब्जी मंडी में भीड़ कम रही। दस बजे से पूर्व सभी अपने घरों में लौट गए। सड़कों व गलियों में भी सन्नाटा पसरा रहा। एसडीएम ने कहा कि नप ईओ व प्रखंड के तमाम अधिकारियों को हर हाल में लॉकडाउन को सफल बनाने को कहा। उन्होंने इसे कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। फल व सब्जी की दुकानों पर प्रशासन ने दर सूची लगवाई।

एसडीएम शाहदेव के अनुसार प्रखंड के अधिकारियों को लोगों को निर्धारित दर पर सब्जी, दूध, खाद्यान सामग्री व चिकित्सा जैसी सुविधा सुगमता से उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी पर रोक के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। जिसमें अपर अनुमंडल पदाधिकारी विवेक पटेल के अलावा संबंधित मार्केटिग अधिकारी शामिल किए गए है। उन्होंने अनुमंडलवासिओ से आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी करने वालों की सूचना उनके मोबाइल 8709935589 पर देने का आग्रह किया है। वैसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से कोरोना संक्रमण से बचने के लिए 14 अप्रैल तक अपने परिवार के साथ ही घरों में रहने की अपील की। वहीं अनुमडल क्षेत्र के नौहट्टा, तिलौथू, रोहतास, राजपुर व अकोढ़ीगोला प्रखंड मुख्यालय में भी लॉकडाउन का खासा असर दिखाई दिया।

chat bot
आपका साथी