आंधी बारिश से हुआ भारी नुकसान

पूर्णिया। रविवार की रात तेज आंधी बारिश ने किसानों को काफी क्षति पहुंचाया। इस आंधी बारिश्

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 May 2020 09:33 PM (IST) Updated:Tue, 26 May 2020 06:05 AM (IST)
आंधी बारिश से हुआ भारी नुकसान
आंधी बारिश से हुआ भारी नुकसान

पूर्णिया। रविवार की रात तेज आंधी बारिश ने किसानों को काफी क्षति पहुंचाया। इस आंधी बारिश ने तो दलहनी फसलें लगभग नष्ट ही कर दी हैं। बची गेहूं एवं मक्का की फसल इतने लंबे समय तक खराब मौसम रहने के कारण किसानों के घर नहीं पहुंच सकी है। इस बारिश में गेहूं मक्का के भींगे डंठलों की बात करते हुए कृषक नरेन्द्र ठाकुर कहते हैं, इस बारिश का होना किसानों की छाती पर मूंग दलने जैसा है। हमारी आधी फसल तो पहले की बारिश में बर्बाद हो चुकी थी, अब ऐसा लग रहा कि जो बाकी है, वो भी कटाई व सुखाई से पहले खत्म हो जाएंगी।

संस,सरसी (पूर्णिया) के अनुसार धमदाहा एवं बनमनखी प्रखंड में रविवार रात्रि आयी तेज आंधी के साथ हुई बारिश में कई जगहों पर पेड़ टूट कर गिर गए तथा कई किसानों के तैयार मक्के की फसल भी भींग गयी। किसानों द्वारा कई स्थानों पर मक्के को तिरपाल से ढंक कर रखा था गया था जो तेज आंधी के कारण उड़ गया और मक्का भींग गया। कई किसानों ने बताया कि मेघ गरजने एवं ठनका गिरने की आवाज इतनी तेज हो रही थी की भींग रहे मकई के दानों के ढ़ेर के समीप जाकर उसे फिर से ढकने की हिम्मत नहीं हुई । इसके अतिरिक्त कई स्थानों पर पेड़ गिरे तथा टीन से बने घरों के छप्पर भी उड़े। सरसी स्थित स्टेट हाईवे 77 के किनारे गुमटी में चलने वाली किराने की दुकान पर पेड़ गिर गया। इसके अतिरिक्त सरसी- बनमनखी स्टेशन के बीच के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिर जाने से प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही ट्रेन कई घंटों तक सरसी स्टेशन पर खड़ी रही। संस,श्रीनगर (पूर्णिया) : के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में रविवार की रात आए अचानक तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने बड़ी तबाही मचाई। कई पेड़ जड़ से उखड़कर गिर पड़े तो कई घरों के टीन की छत उड़कर दूर जा गिरे। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि पेड़ उखड़ कर गिरने लगे। इसके साथ ही भारी बारिश शुरू हो गई। सहबज्जा में कई घरों के टीन उड़कर करीब 200 मीटर दूर खेत में जा गिरा। हालांकि इस क्रम में किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। संस, के.नगर (पूर्णिया) : के अनुसार रविवार की रात बारिश के साथ आई तेज आंधी ने प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है। आंधी से विभिन्न पंचायतों के दर्जनों घरों के छप्पर उड़ गये और बड़ी संख्या में पेड़ तथा बिजली पोल गिर गए। केला, आम, लीची, कटहल, मक्का, मूंग आदि फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है. विभिन्न नहरों तथा पूर्णियां धमदाहा स्टेट हाईवे किनारे लगे पेड़ों के गिर जाने से रात्रि और सोमवार सुबह आवागमन भी प्रभावित रहा। तेज आंधी ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। संस, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया) : के अनुसार अचानक आए आंधी तूफान से ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची घर, टिन, बॉस बल्ले से बनी घर तहस नहस हो गई। लोगों का आशियाना ध्वस्त हो गया जिससे लोग बेघर हो गए हैं। बताते चलें कि पूर्णिया पूर्व प्रखंड अन्तर्गत डिमिया छत्रजान, चांदी, रजीगंज, वियारपुर, फसिया, रामघाट, दरगाह आदि जगहों में लोगो के आशियाना तूफान में उजड़ गए। एक तरफ पूरे देश में जहां कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लोग पनाह मांग रहे है, वहीं दूसरी तरफ आंधी तूफान से लोगों को दोहरी मार ने जीना दूभर कर दिया है।।इस संबंध में अंचलाधिकारी पूर्णिया पूर्व दीपक कुमार से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सभी जगह क्षति हुए घर की जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उच्चधिकारियों का जैसा निर्देश मिलेगा वैसा काम किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी