पूर्णिया में रिश्तों का कत्ल, भांजे ने कुदाल मारकर कर दी मामा की हत्या, गिट्टी ले जाने से टोकने पर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी भांजा स्मैक का आदी है। पुलिस ने आरोपी और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। सरकारी गिट्टी उठाने को लेकर विवाद हुआ था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही पीड़ित बिनोद चौधरी की मौत हो गई थी।

By Prakash VatsaEdited By: Publish:Fri, 20 Jan 2023 09:44 PM (IST) Updated:Fri, 20 Jan 2023 09:44 PM (IST)
पूर्णिया में रिश्तों का कत्ल, भांजे ने कुदाल मारकर कर दी मामा की हत्या, गिट्टी ले जाने से टोकने पर हुआ विवाद
पूर्णिया में रिश्तों का कत्ल, भांजे ने कुदाल मारकर कर दी मामा की हत्या, गिट्टी ले जाने पर हुआ विवाद

संवाद सूत्र, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी चौक पर शुक्रवार की संध्या मामूली विवाद में सिरफिरे भांजे ने कुदाल से काटकर अपने ही मामा की हत्या कर दी। मृतक 60 वर्षीय बिनोद चौधरी बेलौरी चौक का ही रहने वाला था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक और उसकी मां को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपित भांजा हरिया चौधरी भी बेलौरी चौक का ही रहने वाला है और स्मैक का आदी बताया जा रहा है।

सरकारी गिट्टी को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, बेलौरी चौक पर एनएचआई द्वारा नाले का निर्माण किया जा रहा है। इसको लेकर वहां पर कुछ गिट्टी भी रखी हुई थी। बिनोद चौधरी चौक पर बन रहे एक मंदिर के लिए उस गिट्टी को बोरे में रखने लगा। इसी क्रम में उसका भांजा हरिया चौधरी वहां पहुंच गया और उस गिट्टी को लेकर जाने लगा।

इस पर बिनोद चौधरी के मना करने पर हरिया चौधरी और उसकी मां सीता देवी ने बिनोद के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही हरिया चौधरी ने गुस्से में बगल में रखे कुदाल से मामा बिनोद चौधरी के सिर पर कई प्रहार कर दिए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर हरिया फरार हो गया। लोग लहुलूहान बिनोद चौधरी को अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

सरकारी जमीन पर अवैध रूप से घर बनाकर रह रहा आरोपित

ग्रामीणों ने बताया कि हरिया चौधरी हर समय स्मैक के नशे में धुत रहता था। अक्सर लोगों से उसका विवाद होता रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन की जमीन पर वह अवैध रूप से घर बनाकर रह रहा था। उसने पहले भी अपने मामा और मौसी के साथ में मारपीट की थी। मुफस्सिल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार झा ने बताया कि आरोपित युवक और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी