बेगूसराय में वार्ड पार्षद के पिता की बेरहमी से कर दी हत्‍या, ईंट-पत्‍थर से कूचकर बदमाशों ने मार डाला

बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने वार्ड पार्षद के पिता की बेरहमी से हत्‍या कर दी। गुरुवार रात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। शव को सड़क पर फेंक दिया। सुबह में मार्निंग वाक पर निकले लोगों की नजर पड़ी तो घटना का पता चला।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Fri, 28 Jan 2022 11:27 AM (IST) Updated:Fri, 28 Jan 2022 11:27 AM (IST)
बेगूसराय में वार्ड पार्षद के पिता की बेरहमी से कर दी हत्‍या, ईंट-पत्‍थर से कूचकर बदमाशों ने मार डाला
घटनास्‍थल पर जांच करती पुलिस और मृतक रासो सहनी की फाइल फोटो

बखरी (बेगूसराय), संवाद सहयोगी। बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र में बदमाशों ने वार्ड पार्षद के पिता की बेरहमी से हत्‍या कर दी।  गुरुवार रात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। शव को सड़क पर फेंक दिया। सुबह में मार्निंग वाक पर निकले लोगों की नजर पड़ी तो घटना का पता चला। मृतक रासो सहनी (70) वार्ड 16 के पार्षद सुबोध सहनी के पिता थे।  सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्‍या के कारणों का पता नहीं चल सका है।   

ईंट-पत्‍थर से चेहरे को किया क्षत-विक्षत 

रासो सहनी वार्ड 15 स्थित पुरानी थाना के निकट रेलवे अहाते में बने अपने डेरा में रोज की तरह सोए हुए थे। देर रात किसी समय अपराधियों ने उनकी हत्‍या कर दी। सुबह जब लोग टहलने के लिए निकले तो सड़क पर पड़े खून से लथपथ शव देखकर सन्‍न रह गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मृतक के चेहरे को ईंट-पत्‍थर से बुरी तरह कूच दिया गया था। कमरे से लेकर सड़क तक खून पसरा हुआ था। इससे आशंका है कि कमरे में हत्‍या के बाद शव को सड़क पर फेंका गया है।  शव देखने से ही प्रतीत हो रहा था कि हत्‍यारों ने कितनी बेरहमी से उनकी हत्‍या की है। हत्‍या की खबर मिलते ही स्‍वजन पहुंचे। शव देखकर वे विलाप करने लगे। पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्वजन भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। किसी से दुश्‍मनी की बात भी सामने नहीं आ रही है। 

नशेड़‍ियों का लगा रहता है जमावड़ा 

लोगों का कहना है कि घटनास्थल और उसके आसपास नशेड़‍ियों का जमावड़ा लगा रहता है। साल्‍यूशन सूंघने वाले और गांजा पीने वालों की भीड़ लगी रहती है। समझा जाता है कि उन्हीं लोगों को रोकने-टोकने के कारण घटना को अंजाम दिया गया होगा। बहरहाल हत्‍या वह भी इतनी बेरहमी से, इसका कारण पुलिस तफ्तीश में सामने आएगा। फिलहाल बुजुर्ग के साथ हुई इस घटना से लोग सन्‍न हैं। 

chat bot
आपका साथी