बेटे को दौड़ा कर मारी थी गोली, अब पिता इंसाफ के लिए लगा रहे थाने के चक्कर Patna News

राजीव नगर की देव विहार कॉलोनी में हुई विशाल राय की हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए खुद पिता गुहार लगा रहे हैं। 21 अगस्त को विशाल को दौड़ा कर गोली मारी गई थी।

By Edited By: Publish:Tue, 27 Aug 2019 08:08 PM (IST) Updated:Wed, 28 Aug 2019 09:43 AM (IST)
बेटे को दौड़ा कर मारी थी गोली, अब पिता इंसाफ के लिए लगा रहे थाने के चक्कर Patna News
बेटे को दौड़ा कर मारी थी गोली, अब पिता इंसाफ के लिए लगा रहे थाने के चक्कर Patna News
पटना, जेेएनएन। राजीव नगर थाना क्षेत्र की देव विहार कॉलोनी में हुई विशाल राय की हत्या के आरोपितों की गिरफ्तारी में पुलिस दिलचस्पी नहीं ले रही। नामजद आरोपित जिला पार्षद के परिजन व रिश्तेदार हैं, इसलिए थाना पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने से हिचकिचा रही है। ये आरोप हैं विशाल के माता-पिता के, जो हाथ में अर्जी लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं।

नहीं सुनते थानाध्यक्ष व जांचकर्ता
थाना पुलिस की कार्यशैली से एसएसपी गरिमा मलिक को अवगत कराने के लिए दंपती छह दिन से गांधी मैदान स्थित उनके कार्यालय में जा रहे हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हो रही। विशाल की मां के मुताबिक, आरोपित अब भी घर में हैं। थानाध्यक्ष और कांड के जांचकर्ता से कई बार आरोपितों को पकड़ने का अनुरोध किया गया, पर वे अनसुनी कर देते हैं। वहीं, थानाध्यक्ष निशांत कुमार का कहना है कि मामले में दो आरोपित गुरुदयाल और श्रीदयाल आत्मसमर्पण कर चुके हैं। अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सोमवार को विशाल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी आ गई।

नहीं की रिमांड पर लेकर पूछताछ
नामजद अभियुक्त गुरुदयाल और श्रीदयाल (दोनों जिला पार्षद के बेटे) के आत्मसमर्पण करने के बाद पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की जहमत तक नहीं उठाई। जिला पार्षद के भाई सूरज सरकार ने विशाल को गोली मारी थी। उनके नाती व रिश्तेदार साथ में थे। विशाल की हत्या से पहले उसकी बुरी तरह पिटाई की गई थी। कुल दस अभियुक्तों को नामजद किया गया, लेकिन पुलिस एक को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। इस हत्याकांड में पार्षद के पति माला राय भी अभियुक्त हैं। माला पर पूर्व में भी कई कांड दर्ज हैं। उक्त दोनों अभियुक्तों के सरेंडर करने के बाद पुलिस ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया।

दौड़ा कर मारी थी गोली
21 अगस्त की सुबह नौ बजे विशाल अपने दोस्त प्रिंस के साथ आशियाना-दीघा मुख्य सड़क की ओर जा रहा था। तभी सफारी गाड़ी से गुरुदयाल, श्रीदयाल, विकास यादव, हरिदयाल, सुरेंद्र राय, मुकेश राय, रंजन उर्फ नन्हकी, भोला राय, माला राय और बृजमोहन राय आए। आरोपितों ने विशाल पर हमला बोल दिया। वह भागने लगा, लेकिन एक मकान के पीछे कीचड़ में उसके पांव फंस गए। तभी विकास ने गोली चला दी, जो विशाल के सिर में लगी और उसकी मृत्यु हो गई।
chat bot
आपका साथी