मिशन 2019: केवल तीन सीटें मिलने से कुशवाहा नाराज, बोले: शाह-मोदी से करेंगे बात

लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे पर रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने असंतोष जाहिर किया। उन्‍होंने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की भी जमकर आलोचना की।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 09 Nov 2018 06:27 PM (IST) Updated:Fri, 09 Nov 2018 10:39 PM (IST)
मिशन 2019: केवल तीन सीटें मिलने से कुशवाहा नाराज, बोले: शाह-मोदी से करेंगे बात
मिशन 2019: केवल तीन सीटें मिलने से कुशवाहा नाराज, बोले: शाह-मोदी से करेंगे बात
पटना [जेएनएन]। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) सुप्रीमो व केद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री उपेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट शेयरिंग पर खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए सिर्फ तीन सीटें मिलने की उम्‍मीद नहीं थी। हालांकि, वे राजग में हैं। वे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की तरह 'आया-गया' टाइप नहीं हैं।
रालोसपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद कौन मुख्‍यमंत्री होगा, अभी नहीं कहा जा सकता। उन्‍होंने अपनी पार्टी के हक के बढ़ने की भी बात कही। कुशवाहा ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए यह भी कहा कि उनके द्वारा निचले स्तर की बात करने से वे आहत हैं।
नीतीश को मानता बड़ा भाई, नहीं थी ऐसी उम्मीद
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को वे बड़ा भाई मानते हैं। लेकिन नीतीश कुमार ने जिन शब्दों का प्रयोग किया, उसकी उम्मीद नहीं थी। मुख्यमंत्री को इस तरह की बातों से परहेज करना चाहिए। बिहार की शिक्षा व्‍यवस्‍था की आलोचना करते हुए कुशवाहा ने कहा कि यहां शिक्षा का स्तर ठीक नहीं है। इसमें सुधार के लिए 'हल्ला बोल दरवाजा खोल' अभियान चलाया जाएगा।
अमित शाह और नरेंद्र मोदी से करेंगे मुलाकात
लोक सभा चुनाव में सीट शेयरिंग पर चर्चा करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनकी पार्टी केवल तीन सीटों की हकदार नहीं है। हमारी स्थिति मजबूत हुई है। तीन से अधिक सीटें मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे जल्दी ही दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात कर उनके सामने अपनी बात रखेंगे। अगर बात नहीं बनी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बातचीत की जाएगी।
जदयू की तरह नहीं आए-गए वाले
एक सवाल के जवाब में उपेंद्र कुशवाहा ने खुद को राजग का स्थायी हिस्सा बताया। कहा कि वे राजग के साथ मजबूती से खड़े हैं। जदयू की तरह 'आए-गए' वाले नहीं हैं।
लालू इतिहास की बात, तेजस्वी ले रहे ट्रेनिंग
जेल में बंद बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव से जुड़े एक सवाल के जवाब में कुशवाहा ने कहा कि लालू अब राजनीति के इतिहास की बात हैं। वहीं तेजस्वी यादव के लिए कहा कि उनको अभी कई परीक्षाएं देनी हैं। वे अभी ट्रेनिंग पर चल रहे हैं।
भाजपा ने दी ये प्रतिक्रिया
उपेंद्र कुशवाहा के बयान के बाद भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता संजय ठाकुर ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा और नीतीश कुमार दोनों ही सुलझे हुए नेता हैं। दोनों ने साथ काम किया है। जल्द ही सबकुछ ठीक हो जाएगा।
chat bot
आपका साथी