बिहार में आधा दर्जन आइपीएस अफसरों का तबादला, अनिल बने पटना के ट्रैफिक एसपी; यहां देखें पूरी सूची

बिहार सरकार ने सोमवार को आधा दर्जन आइपीएस अफसरों का तबादला कर दिया है। साल 2022 में यह पहला ट्रांसफर है। इसके तहत अनिल कुमार को पटना के नए ट्रैफिक एसपी का जिम्मा सौंपा गया है। तबादले से संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 24 Jan 2022 07:05 PM (IST) Updated:Mon, 24 Jan 2022 07:05 PM (IST)
बिहार में आधा दर्जन आइपीएस अफसरों का तबादला, अनिल बने पटना के ट्रैफिक एसपी; यहां देखें पूरी सूची
बिहार में आधा दर्जन आइपीएस अफसरों का तबादला किया गया है। सांकेतिक तस्वीर।

राज्य ब्यूरो, पटना: भारतीय पुलिस सेवा के आधा दर्जन अफसरों का तबादला किया गया है, जबकि एक अन्य आइपीएस अफसर को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। गृह विभाग ने सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। पुलिस अधीक्षक वितंतु रहे अनिल कुमार को पटना के नए ट्रैफिक एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पुलिस मुख्यालय में पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे नवीन चंद्र झा को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9 जमालपुर का समादेष्टा बनाया गया है। सरकार ने नए साल में यह पहला ट्रांसफर किया है। इसके पहले पिछले साल 30 दिसंबर को बड़े पैमाने पर ट्रांसफर-पोस्टिंग की गई थी। 

विद्या सागर को पुलिस अधीक्षक वितंतु की नई जिम्मेदारी

सीआइडी कमजोर वर्ग की एसपी बीणा कुमारी को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-4, डुमरांव का समादेष्टा बनाने के साथ बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-18, डुमरांव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। विशेष शाखा में अपर पुलिस अधीक्षक शैशव यादव को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13 दरभंगा का समादेष्टा जबकि विशेष सशस्त्र पुलिस-10, पटना में एसपी रहे विद्या सागर को पुलिस अधीक्षक वितंतु की नई जिम्मेदारी दी गई है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-16, पटना के समादेष्टा पुष्कर आनंद को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा में उप महासमादेष्टा सह डीआइजी विकास कुमार को अगले आदेश तक निदेशक सह राज्य अग्निशमन पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

साल 2022 में पहला ट्रांसफर

बता दें कि साल 2022 में सरकार ने यह पहला ट्रांसफर किया है। इसके तहत आधा दर्जन आइपीएस अफसरों का तबादला किया गया है। इसके पहले 30 दिसंबर को राज्य के छह जिलों में नए डीएम की तैनाती की गई थी। वहीं 21 आइपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था। पटना सहित 14 जिलों में नए एसएसपी की तैनाती की गई थी। इसी के साथ ही 1987 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी व विकास आयुक्त रहे आमिर सुबहानी बिहार के नए मुख्य सचिव का जिम्मा भी सौंपा गया था। 

chat bot
आपका साथी