Weather in Bihar: कश्मीर की बर्फीली हवाओं का बिहार में असर, ठंड ने ली तीन की जान

कश्मीर में बदले मौसम का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार को एक बार फिर पारा लुढ़कने से कोल्ड डे की स्थिति बनी रही तो वहीं वैशाली में तीन लोगों की ठंड से मौत हो गई।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Tue, 07 Jan 2020 01:04 PM (IST) Updated:Wed, 08 Jan 2020 11:29 PM (IST)
Weather in Bihar: कश्मीर की बर्फीली हवाओं का बिहार में असर, ठंड ने ली तीन की जान
Weather in Bihar: कश्मीर की बर्फीली हवाओं का बिहार में असर, ठंड ने ली तीन की जान

पटना, जेएनएन। Weather Update Bihar: कश्मीर में बर्फबारी का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार से अचानक मौसम का मिजाज बदलने से प्रदेश में फिर से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। मंगलवार को वैशाली में ठंड से तीन लोगों की मौत हो गई। बुधवार को भी सुबह से घना कोहरा छाया रहा और सर्द हवाओं से कनकनी बढ़ी हुई है। ठंड से पूरा जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से ही प्रदेश के गंगा तटीय क्षेत्र और दक्षिण बिहार में बादल छाए रहेंगे। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण तापमान में भारी गिरावट की संभावना है। 

मंगलवार को रही कोल्ड डे की स्थिति

राज्य में मंगलवार को भागलपुर, पूर्णिया और सुपौल में कोल्ड डे की स्थिति रही। पटना का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा।

गया का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का न्यूनतम 9 डिग्री और अधिकतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री और अधिकतम 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में नौ जनवरी से ठंड बढऩे की संभावना है। हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसका असर 11 जनवरी तक बिहार के मौसम पर पड़ेगा। तापमान में गिरावट और घना कोहरा पूरे प्रदेश में छाया रहेगा। 

आज संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस में) 

शहर  -  न्यूनतम  - अधिकतम 

पटना       11        20 

गया        10        22

भागलपुर   12       19 

पूर्णिया     10        20 

वैशाली में मंगलवार को ठंड से तीन लोगों की मौत

वैशाली जिले के लालगंज में कड़ाके की ठंड ने एक महिला समेत दो लोगों की जान ले ली। करताहां थाना क्षेत्र के भगवान भटौली गांव में अरुण पासवान की 32 वर्षीया पत्नी कुंती देवी की ठंड लगने से मौत हो गई। इस संबंध में अरुण की पड़ोसी मंजू पासवान ने बताया कि एक जनवरी को अरुण की 55 वर्षीया माँ धनमा देवी की भी मौत ठंड लगने से हो गई थी।

उसकी मौत उपरांत परिवार के सदस्य श्राद्ध कर्म में लगे थे। इसी दौरान कुंती देवी को भी ठंड लग गई। परिवार के लोगो ने स्थानीय चिकित्सक से दवा दिलवाई, परन्तु  अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब तक लोग चिकित्सक को बुलाते उनकी मौत हो गई। 

 वहीं, दूसरी घटना पुरखौली पंचायत के समसपुरा महादलित टोला में घटी। वहां रामजी मांझी के 23 वर्षीय पुत्र अमलेश मांझी अचानक ठंड लगने से कांपने लगे। स्थानीय चिकित्सक को दिखाया गया, परन्तु उन्हें बचाया नहीं जा सका। उधर, ठंड के असर से दरभंगा के जाले में भी एक की मौत हो गई। 

chat bot
आपका साथी