बिहार: JDU से हरिवंश व रामनाथ ठाकुर तो BJP से विवेक ठाकुर जाएंगे राज्यसभा

जेडीयू व बीजेपी ने राज्यसभा के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। हरिवंश और रामनाथ ठाकुर जेडीयू तो विवेक ठाकुर बीजेपी से राज्यसभा के उम्‍मीदवार होंगे।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Wed, 11 Mar 2020 12:33 PM (IST) Updated:Thu, 12 Mar 2020 11:28 PM (IST)
बिहार: JDU से हरिवंश व रामनाथ ठाकुर तो BJP से विवेक ठाकुर जाएंगे राज्यसभा
बिहार: JDU से हरिवंश व रामनाथ ठाकुर तो BJP से विवेक ठाकुर जाएंगे राज्यसभा

पटना, जेएनएन। बिहार में राज्यसभा (Rajya Sabha Election) की पांच सीटों पर चुनाव होना है, जिसके लिए 13 मार्च तक नामांकन की तारीख निश्चित है।  इसे लेकर राजनीतिक पार्टियों में से जनता दल यूनाइटेड (JDU) व भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने तीन उम्मीदवार तय कर दिए हैं। जेडीयू की तरफ से हरिवंश और रामनाथ ठाकुर फिर से राज्यसभा जाएंगे तो बीजेपी की तरफ से वरिष्‍ठ नेता व पूर्व मंत्री सीपी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर का नाम तय किया गया है। राष्‍ट्रीय जनता दल (RJD) की तरफ से प्रेमचंद गुप्‍ता का नाम तय माना जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों के नाम को लेकर जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की आज राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के साथ पटना में बैठक हुई। इसके बाद नाम तय किए गए। प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने अपने आवास पर राज्यसभा के उम्मीदवारों के रूप में हरिवंश और रामनाथ ठाकुर के नामों की विधिवत घोषणा की। 

राजद से प्रेमचंद गुप्ता, अमरेंद्रधारी सिंह जाएंगे राज्यसभा

राज्यसभा के लिए राजद ने अपने दोनों उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी की तरफ से प्रेमचंद गुप्ता और अमरेंद्रधारी सिंह राज्यसभा जाएंगे। दोनों उम्मीदवारों ने अपना नामांकन विधानसभा में दाखिल कर दिया है। राजद ने कांग्रेस को इसके लिए मना लिया कि राज्यसभा के लिए पांच सदस्य होना जरूरी है, जिसमें से तीन एनडीए की है और दो हमारी। इसीलिए इसबार वह आरजेडी के दो सदस्यों को जाने दे। विधानसभा चुनाव में अधिक सीट देकर इसकी भरपाई की जाएगी। 

बिहार में पांच सीटों के लिए होना है चुनाव

राज्य सभा की सीटों पर बिहार में चुनाव होना है, जिसके लिए 13 मार्च को नामांकन होगा। बता दें कि नामांकन के अंतिम दिन ही जेडीयू के रामनाथ ठाकुर, हरिवंश सिंह और कहकशां परवीन का राज्यसभा में कार्यकाल पूरा हो रहा है और नामांकन से पहले सभी पार्टियों को अपने उम्मीदवारों का चयन करना है, जिसे लेकर दोनों गठबंधन में पशोपेश की स्थिति बनी हुई थी।  

बीजेपी से विवेक ठाकुर का नाम घोषित

राज्यसभा की पांच सीटों में से तीन एनडीए खाते में हैं। जबकि, दो सीटे महागठबंधन के पास हैं। एनडीए की तीन में से एक सीट पर बीजेपी की तरफ से विवेक ठाकुर का नाम तय हो गया है। विवेक ठाकुर पूर्व मंत्री व वरिष्‍ठ बीजेपी नेता सीपी ठाकुर के बेटे हैं।

chat bot
आपका साथी