NDA की परिवर्तन यात्राओं का शुभारंभ करेंगे राजनाथ, जेटली, अनंत व गडकरी

बिहार में भाजपा की परिवर्तन रथ यात्राएं 12 से 27 अगस्‍त तक चलेंगी। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह 12 अगस्‍त को सोनपुर के हरिहर क्षेत्र में इसे हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा विधानसभा के सभी 243 क्षेत्रों में परिवर्तन यात्राएं निकालेगी।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 10 Aug 2015 04:29 PM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2015 07:35 PM (IST)
NDA की परिवर्तन यात्राओं का शुभारंभ करेंगे राजनाथ, जेटली, अनंत व गडकरी

पटना। 12 अगस्त को एक साथ चार जगहों से शुरू होने जा रही भाजपा की परिवर्तन यात्राओं का शुभारंभ केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, वित्तमंत्री अरूण जेटली, केंद्रीय उर्वरक रसायन मंत्री अनंत कुमार और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इन सभी जगहों पर एनडीए के नेता भी साथ रहेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने आज यहां आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सोनपुर के हरिहर क्षेत्र से 12 अगस्त को दिन में साढ़े ग्यारह बजे शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह रवाना करेंगे।

बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव और सांसद रामाकिशोर भी उपस्थिति रहेंगे। सारण और चंपारण क्षेत्र में जाने वाली इस परिवर्तन यात्रा को पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी नेतृत्व करेंगे। सांसद जनक राम और विधान पार्षद सत्येंद्र कुशवाहा साथ रहेंगे।

भागलपुर क्षेत्र के लिए उसी दिन राजगीर से शुरू हो रही यात्रा को वित्तमंत्री अरूण जेटली विदा करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, डा. सीपी ठाकुर, रालोसपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण कुमार और सांसद वीणा देवी उपस्थित रहेंगी। नेता प्रतिपक्ष नंद किशोर यादव के नेतृत्व में निकल रही इस यात्रा में सांसद अश्विनी चौबे और अजय निषाद रहेंगे।

मिथिलांचल और कोसी क्षेत्र की दलसिंहसराय से शुरू हो रही परिवर्तन यात्रा को नितिन गडकरी रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा,मंगल पांडेय और लोजपा के अनिल चौधरी मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह के नेतृत्व में इस यात्रा में केंद्रीय राज्यमंत्री रामकृपाल यादव और कामेश्वर चौपाल रहेंगे।

बिहटा से शुरू हो रही पटना और मगध क्षेत्र की परिवर्तन यात्रा को केंद्रीय मंत्री और बिहार चुनाव के प्रभारी अनंत कुमार झंडी दिखाकर विदा करेंगे। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान लोजपा सांसद रामचंद्र पासवान और रालोसपा के ललन पासवान भी उपस्थिति रहेंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में शुरू हो रही इस यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव प्रताप रूडी और पूर्व मंत्री प्रेम कुमार शामिल रहेंगे।

उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा के दौरान प्रतिदिन चार पांच सभाएं और दर्जन भर स्वागत सभाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने जो 243 परिवर्तन रथों को पिछले 16 जुलाई को गांधी मैदान से रवाना किया था उसने 17376 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किया है जिसमें 29 लाख लोग शरीक हो चुके हैं।

chat bot
आपका साथी