BJP MLC ने थाइलैंड की नाबालिग लड़की से ट्रेन में की छेड़खानी, 14 दिनोें की जेल

पूर्वांचल एक्सप्रेस से सफर कर रहे बीजेपी एमएलसी टुन्ना पांडेय पर एक नाबालिग लड़की ने छेडछाड़ का आरोप लगाया है। टुन्ना पांडेय को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Sun, 24 Jul 2016 08:38 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jul 2016 10:50 PM (IST)
BJP MLC  ने थाइलैंड की नाबालिग लड़की से ट्रेन में की छेड़खानी, 14 दिनोें की जेल
BJP MLC ने थाइलैंड की नाबालिग लड़की से ट्रेन में की छेड़खानी, 14 दिनोें की जेल

पटना [वेब डेस्क]। भाजपा के विधान पार्षद (एमएलसी) टुन्ना पाण्डेय को रविवार की सुबह ट्रेन में नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार किया गया। बाद में कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस बीच पार्टी ने भी उन्हें निलंबित कर दिया है।

एमएलसी पर आरोप है कि उन्होंने कोलकता से गोरखपुर जा रही पूर्वांचल एक्सप्रेस की एसी बोगी (A1) में अपने परिवार के साथ जा रही 12 साल की बच्ची के साथ छेड़खानी की। टुन्ना ने इसके बाद बच्ची को बाथरूम ले जाकर किस करने की कोशिश की। ट्रेन के हाजीपुर पहुंचने पर बच्ची के बयान पर पास्को के तहत एफआइआर दर्ज कर टुन्ना पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया।

घटनाक्रम, एक नजर...

- गोरखपुर निवासी तथा थाईलैंड के एक व्यवसायी अपनी 12 वर्षीय बेटी और परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ अप पूर्वांचल एक्सप्रेस की एसी टू बोगी (ए-1) में सफ़र कर रहे थे। वे हावड़ा से गोरखपुर जा रहे थे। उसी बोगी में एमएलसी टुन्ना जी पाण्डेय दुर्गापुर में सवार हुए और अपने बर्थ नंबर 43 पर सो गए।

- ट्रेन के हाजीपुर आने के पहले सराय स्टेशन के पास टुन्ना पाण्डेय ने बर्थ नंबर 46 पर सो रही 12 वर्षीया लड़की के साथ छेड़खानी की। लड़की का कहना है कि एमएलसी ने उसे जबरन बाथरूम ले जाना चाहा तथा वहां किस करने की इच्छा जताई।

- इसके बाद बच्ची चिल्लाई। शाेरगुल से उसके पिता जग गए। उसने पिता को घटना के बारे में बताया। लड़की के पिता ने तुरंत ट्रेन की एस्कॉर्ट पार्टी को पूरे मामले की जानकारी दी। उन्हें जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया गया। एसआरपी (मुजफ्फरपुर) बीएन झा ने इसकी पुष्टि की।

- हाजीपुर में ट्रेन के रुकने के बाद लड़की के पिता ने एफआइआर दर्ज कराई और ट्रेन छोड़कर गाड़ी रिज़र्व कर सड़क मार्ग से गोरखपुर गए।

- आरोपी एमएलसी को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

- भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पार्टी ने उन्हें निलंबित किया है। उनसे स्पष्टीकरण पूछा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पार्टी उपाध्यक्ष संजय मयूख व भाजपा नेता सुशील मोदी ने भी निलंबन की जानकारी दी है।टुन्ना ने कहा- झूठे हैं आरोप , लड़की बोली- की थी 'किस' करने की कोशिश

एमएलसी टुन्ना पांडेय का कहना है कि वे मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर लगा रहे थे। उन्होंने लाइट भी जलाई थी। बर्थ पर रखे बैग को हटाने में लड़की जग गई और चिल्लाने लगी। दूसरी ओर लड़की का आरोप है कि एमएलसी ने उसे किस करने का प्रयास किया और बाथरूम में चलने के लिए कहा।

यूपी का बड़ा शराब माफिया है टुन्ना

एमएलसी टुन्ना पाण्डेय यूपी का बड़ा शराब माफिया है। बिहार में भी उसका शराब का बड़ा कारोबार था। लेकिन, बिहार में शराबबंदी से यह कारोबार ठप हो गया। वह पहली बार सारण के तत्कालीन डीआइजी आलोक कुमार पर 10 करोड़ रुपये घूस के रुपए मांगने का आरोप लगा चर्चा में आया था। तब राज्य सरकार ने डीआइजी को निलंबित कर दिया था।

2014 में बना एमएलसी

चर्चा में आने के बाद टुन्ना राजनीतिक जमीन तलाशने लगा। वर्ष 2014 के एमएलसी के उपचुनाव में टुन्ना जी पाण्डेय ने दरौंदा विधायक कविता सिंह के पति अजय सिंह को हरा जीत दर्ज की। दूसरी बार 2015 के चुनाव में टुन्ना जी पाण्डेय फिर भाजपा प्रत्याशी बन महागठबंधन प्रत्याशी विनोद जायसवाल को हराने में कामयाब रहे।

सिवान में जाना-पहचाना नाम

भाजपा एमलसी टुन्ना पांडेय सीवान और गोपालगंज का जाना-पहचाना नाम है। सीवान के मैरवा के रहने वाले टुन्ना पांडेय के पिता दून वैली डिस्टिलरी में काम करते थे। 1959 से 2002 तक उन्होंने शराब कंपनी में काम किया। इसी बीच चार भाइयों में सबसे बड़े टुन्ना पांडेय ने भी 1986 में उसी कंपनी में काम शुरू कर दिया।

उस समय तक टुन्ना की पढ़ाई सीवान से ही हुई थी। मैट्रिक के बाद वह उसी कंपनी में देहरादून चला गया। शराब कंपनी में काम करते हुए टुन्ना पांडेय ने इंटर और ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। 1991 में कंपनी ने उसे बिहार में अपना प्रतिनिधि बनाकर भेज दिया। उनकी कंपनी का कारोबार सीवान और गोपालगंज के अलावा दरभंगा में भी बताया जाता है। धीरे-धीरे टुन्ना पांडेय की आर्थिक समृद्धि बढऩे लगी।

chat bot
आपका साथी