Bihar : शादी करवाने का झांसा देकर 2.27 लाख में किया महिला का सौदा, दो तस्कर गिरफ्तार; पीड़िता और बच्चा मुक्त

Bihar Crime रेल पुलिस को सूचना मिली थी कि मानव तस्कर किसी महिला को बिहार से बाहर ले जाने के फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता ने बताया कि दोनों ने उसे शादी करवाने का झांसा दिया।

By Ashish ShuklaEdited By: Publish:Fri, 26 May 2023 03:38 PM (IST) Updated:Fri, 26 May 2023 03:38 PM (IST)
Bihar : शादी करवाने का झांसा देकर 2.27 लाख में किया महिला का सौदा, दो तस्कर गिरफ्तार; पीड़िता और बच्चा मुक्त
human trafficking in Bihar: शादी करवाने का झांसा देकर 2.27 लाख में किया महिला का सौदा

HighLights

  • अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्कर पटना जंक्शन से गिरफ्तार
  • मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं दोनों तस्कर
  • तीन साल के बच्चे और महिला को लेकर जा रहे थे दिल्ली

पटना, जागरण संवाददाता। युवतियों और महिलाओं को झांसे में लेकर तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को रेल पुलिस ने पटना जंक्शन प्लेट फार्म नंबर चार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करों के चंगुल से महिला और उसके साथ तीन साल के बच्चे को भी मुक्त कराया है।

दोनों आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के नादरगढ़ निवासी कारूलाल धनगर और निमय जिला निवासी राजेन्द्र परिदार के रूप में हुई है। दोनों महिला को दिल्ली ले जा रहे थे। दो अन्य आरोपी दीपक और राजेश की तलाश में रेल पुलिस छापेमारी कर रही है।

रेल पुलिस अधीक्षक अमृतेंदु शेखर ठाकुर ने बताया कि सूचना मिली कि मानव तस्कर गिरोह किसी महिला को बिहार से बाहर ले जाने के फिराक में हैं। इसके बाद एक टीम का गठन किया गया।

रेल पुलिस पटना जंक्शन पर गश्त कर रही थी, तभी एक महिला प्लेटफार्म पर रेल पुलिस को देख शोर मचाने लगी। पुलिस को देख दोनों आरोपी वहां से भागने लगे। हालांकि, कुछ ही दूरी पर उन्हें दबोच लिया।

पीड़िता महिला लखीसराय की रहने वाली है। उसकी शादी जमुई में हुई थी, लेकिन बाद में पति ने उसे छोड़ दिया। वह अपने बच्चे के साथ लखीसराय में रहने लगी। मायके में किसी बात से नाराज होकर वह कुछ दिन पहले पटना आ गई थी। तभी उसे पटना जंक्शन पर दो युवक मिले, जिन्होंने अपना नाम राजेश और दीपक बताया।

महिला ने बताया कि युवकों ने उसे अपनी बातों में उलझाया और फिर उसकी शादी कराने का झांसा देकर 22 मई को राजगीर ले गए। दोनों ने उसे बताया कि कारूलाल नाम के व्यक्ति से शादी करा देंगे। उसे राजगीर में एक होटल ले गए और वहां शादी करा दी। साथ में राजेंद्र भी था।

पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद दोनों उसे साथ लेकर 24 मई को पटना आए और वहां से दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन इसके पहले ही महिला को अहसास हो गया था कि वह किसी गिरोह के जाल में फंस गई है।

महिला को खरीदने के लिए राजेंद्र ने किया था दोनों से संपर्क

कारूलाल पहले से शादीशुदा है, लेकिन उसकी पत्नी साथ नहीं रहती है। कारूलाल और राजेंद्र रिश्तेदार हैं। दोनों ने दीपक और राजेश से संपर्क किया था और उन्होंने महिला से शादी कराने के बहाने उसे बेचने का सौंदा किया था।

दोनों ने कुल 2.27 लाख में महिला का सौदा किया। शादी से पहले ही 45 हजार राजेश, 1.82 लाख रुपये राजेंद्र और 40 हजार रुपये दीपक को दिया गया था।

chat bot
आपका साथी