कुशवाहा के 'पॉलिटिकल खीर' पर अमित शाह का ऑफर- गुजरात के दूध से बनाइए ना

भाजपा ने रालोसपा को राहत भरी खबर दी है। सीटों को लेकर भाजपा मान-मनौव्वल में जुटी है। कुशवाहा को खुला अॉफर है कि आप खीर बनाइए। बस, दूध हमसे लीजिए।

By Kajal KumariEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 12:26 PM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 05:05 PM (IST)
कुशवाहा के 'पॉलिटिकल खीर' पर अमित शाह का ऑफर- गुजरात के दूध से बनाइए ना
कुशवाहा के 'पॉलिटिकल खीर' पर अमित शाह का ऑफर- गुजरात के दूध से बनाइए ना

पटना [राज्य ब्यूरो]। बिहार में 'पॉलिटिकल खीर' बनाने के लिए दूध के बंदोबस्त में जुटे केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के लिए राहत भरी खबर है। भाजपा मान-मनौव्वल कर रही है। खुला ऑफर है-आप खीर बनाइए। बस, दूध हमसे लीजिए। दूध की गारंटी खुद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हवाले से हो रही है। शाह गुजरात के हैं। दूध के उत्पादन में यह राज्य बहुत पहले से अव्वल है।

बुधवार को मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कुशवाहा को भरोसा दिया कि सीटों के बंटवारे में उनका पूरा ख्याल रखा जाएगा। इस संदर्भ में मीडिया में आनेवाली खबरों को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सूत्रों ने बताया कि कुशवाहा और अमित शाह के बीच भी इस मसले पर बातचीत हुई है। 

मालूम हो कि कुशवाहा अपने राजनीतिक रुख को लेकर जब तब चर्चा में आ जाते हैं। उनके समर्थक भी असमंजस की स्थिति में हैं। समर्थकों की चिन्ता इस बात को लेकर है कि एनडीए के घटक दलों के बीच मीडिया में जब कभी लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे की चर्चा होती है, कुशवाहा की पार्टी रालोसपा का जिक्र नहीं रहता है।

धारणा यह बन रही है कि एनडीए ने भी मान लिया है कि कुशवाहा देर-सवेर महागठबंधन में शामिल हो जाएंगे। लेकिन, आज हुई धमेंद्र प्रधान से कुशवाहा की मुलाकात के बाद यह तय हो गया है कि रालोसपा फिलहाल एनडीए में कायम रहेगी।

वैसे, कुशवाहा के एनडीए में बने रहने की संभावना इसलिए भी जाहिर की जा रही है, क्योंकि उनके संसदीय क्षेत्र काराकाट की सामाजिक संरचना महागठबंधन के लिए मुफीद नहीं है। हालांकि महागठबंधन में सहयोगी दलों को देने के लिए सीटों की जो सूची बनी है, उसमें उपेंद्र कुशवाहा के नाम से उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र का नाम दर्ज है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय इसी क्षेत्र के सांसद हैं। 

chat bot
आपका साथी