बिहार: नक्सलियों ने युवक को घर से बुलाकर मारी गोली, मौके पर ही मौत
बिहार में एक आेर जहां अपराधियों का खौफ कम नहीं हो रहा है ऊपर से नक्सली भी कहर बरपा रहे हैं। प्रदेश के औरंगाबाद जिले में नक्सलियों ने युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी।
औरंगाबाद, जेएनएन। बिहार में एक आेर जहां अपराधियों का खौफ कम नहीं हो रहा है, ऊपर से नक्सली भी कहर बरपा रहे हैं। प्रदेश के औरंगाबाद जिले में नक्सलियों ने युवक को घर से बुलाकर गोली मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे पुलिस की मुखबिरी करने का आरोप लगाया गया है। उधर युवक की हत्या के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े नक्सलियों ने औरंगाबाद के देव थाना के पसिया भंडारी गांव निवासी सुनील पासवान 35 वर्ष की गोली मार हत्या कर दी। हत्या का कारण पुलिस मुखबिरी बताया जाता है। नक्सलियों ने हत्या के बाद पोस्टर जारी किया गया है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव एवं पोस्टर बरामद किया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि नक्सलियों ने घर से बुलाकर युवक की हत्या की है। इस संबंध में एसपी दीपक वर्णवाल ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों की गिरफ्तारी को छापेमारी चल रही है । जल्द ही घटना को अंजाम देनेवाले नक्सलियों को गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है।