बिहार में रोके गए 22 विदेशी नागरिकों के खिलाफ पहले से जारी है लुकआउट नोटिस, दिल्ली पुलिस के समक्ष लगेगी हाजिरी

बिहार के गया एयरपोर्ट पर बुधवार को 22 विदेशी नागरिकों को रोका गया था। उनके पास दस्‍तावेज नहीं थे। अब उन सभी विदेशी लोगों को दिल्‍ली पुलिस के समक्ष हाजिरी देनी होगी। जानें वजह।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 28 May 2020 08:43 PM (IST) Updated:Thu, 28 May 2020 10:51 PM (IST)
बिहार में रोके गए 22 विदेशी नागरिकों के खिलाफ पहले से जारी है लुकआउट नोटिस, दिल्ली पुलिस के समक्ष लगेगी हाजिरी
बिहार में रोके गए 22 विदेशी नागरिकों के खिलाफ पहले से जारी है लुकआउट नोटिस, दिल्ली पुलिस के समक्ष लगेगी हाजिरी

गया, जेएनएन। बिहार के गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार को रोके गए यंगून के 22 नागरिकों को दिल्ली पुलिस की ओर से जारी लुकआउट नोटिस गुरुवार को तामिल करा दिया गया। अब इन सभी को एक सप्ताह के अंदर दिल्ली पुलिस के समक्ष हाजिर होना होगा। दिल्ली पुलिस के आने की संभावना जताई गई थी, पर वह नहीं आई। इन्हें बोधगया में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया है। आशंका है कि ये सभी तब्लीगी मरकज से जुड़े हैं। हालांकि इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। 

दिल्‍ली पुलिस ने जारी कर रखी है नोटिस

गौरतलब है कि म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के विशेष विमान से बुधवार को यंगून जाते समय 22 नागरिकों को आव्रजन विभाग के पर्याप्त कागजात न होने और दिल्ली पुलिस की ओर से लुकआउट नोटिस जारी होने के कारण रोक लिया गया था। बुधवार की देर शाम सभी को बोधगया के एक डीलक्स होटल में बने क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया। गुरुवार दोपहर बाद सभी को पर्यटन विभाग के एक होटल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एंबुलेंस से स्थानांतरित किया गया। सभी यात्री पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच रखे गए हैं। 

दस्‍तावेज नहीं मिलने पर इन्‍हें रोका गया

बताते चलें कि रोके गए ये सभी यात्री बुधवार को म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के विमान से यंगून जाने वाले थे। इन सभी का लगेज विमान में लोड हो गया था और रवानगी के पहले कागजातों की जांच में यात्रा के पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिले तो इमीग्रेशन विभाग (आव्रजन) ने रोक लिया था। जांच हुई तो पता चला कि उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया हुआ है। पूछताछ व अन्य प्रक्रिया में करीब तीन घंटे लग गए थे। इसके बाद इन यात्रियों को बोधगया के एक होटल में भेज दिया गया था। जानकारी के अनुसार रोके गए यात्री बुधवार को ही कोलकाता से सड़क मार्ग से गया हवाई अड्डा पर आए थे।

दिल्ली पुलिस के समक्ष हाजिरी बनी समस्या

रोके गए म्यांमार के नागरिकों के समक्ष अब दिल्ली जाने की समस्या है। लॉकडाउन के दौरान इन सभी को एक सप्ताह के अंदर दिल्ली पुलिस के समक्ष उपस्थित होना है। ऐसे में ये लोग दिल्ली कैसे जाएंगे? यह बड़ा सवाल बन गया है। हालांकि इस संबंध में उन नागरिकों ने प्रशासन या इमीग्रेशन से संपर्क नहीं किया है। इन नागरिकों को किसी वाहन से दिल्ली जाने के लिए क्या जिला प्रशासन के स्तर से पास निर्गत किया जाएगा? इस सवाल पर जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने कुछ भी कहने से इन्कार किया। 

chat bot
आपका साथी