जेल से निकलते ही सबसे पहले तुम्‍हें गोली मार दूंगा, भोजपुर के थाने में बदमाश ने दारोगा को दी धमकी

भोजपुर के नगर थाने में मंगलवार की रात एक बदमाश ने हंगामा करने से रोकने पर दारोगा को गोली मारने की धमकी दे डाली। हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया बदमाश थाने के हाजत में हंगामा कर रहा था।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 02:12 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 02:12 PM (IST)
जेल से निकलते ही सबसे पहले तुम्‍हें गोली मार दूंगा, भोजपुर के थाने में बदमाश ने दारोगा को दी धमकी
पुलिस अधिकारी को धमकी देता अपराधी और बरामद हथियार। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। गिरफ्तारी के बाद थाने में बड़े से बड़े अपराधी की सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है। लेकिन आरा के नगर थाने में मंगलवार रात जो नजारा दिखा वह लोगों को हैरान कर गया। हथियार के साथ गिरफ्तार किए गए बदमाश ने पुलिस को खुलेआम धमकी दे डाली कि बाहर निकलते ही जान से मार डालेंगे। मामला नगर थाने का है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश मोतीटोला के देवेंद्र यादव उर्फ बुड़बकवा को न्‍यायि‍क हिरासत में भेज दिया है। 

हथियार लहराते हुए कर रहा था हंगामा 

बताया जाता है कि देवेंद्र यादव नगर थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर में हथियार लेकर हंगामा कर रहा था। वहां मौजूद लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना में उसका सिर भी फट गया। इस बीच सूचना पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने उसे भीड़ से बचाते हुए अपने कब्‍जे में ले लिया। पुलिस ने उसका इलाज कराया। इलाज के बाद उसे लेकर थाने पहुंची तो वह हंगामा करने लगा। तब पुलिस ने उसे हाजत में बंद कर दिया। लेकिन वहां भी उसका हंगामा जारी रहा। उसने हाजत में लगा सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया। उस समय थाने में मौजूद एसआइ मनोज कुमार ने उसे शांत कराने का प्रयास किया तो वह आगबबूला हो गया। धमकी दी कि जेल से निकलते ही पहले तुमको गोली मारूंगा। 

पिस्‍टल व दो गोलियां बरामद 

थानाध्‍यक्ष शंभु भगत ने बताया कि उसके पास से पिस्‍टल और दो गोलियां बरामद की गई है। उसने पुलिस अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी है। आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उसे न्‍यायिक‍ हिरासत में भेज दिया गया है। इधर लोगों का कहना है कि वह युवक रंगदारी करता है। लोगों के बीच हथियार दिखाकर अपना धौंस जमाना चाहता है। इसी को लेकर वह हथियार लहराते हुए लोगों को धमका रहा था। लेकिन यह उसके लिए उल्‍टा पड़ गया। भीड़ ने जमकर उसकी धुनाई कर दी। 

chat bot
आपका साथी