Bihar Weather: अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, जैसलमेर से भी गर्म रहा पटना; आज नौ जिलों में लू का अलर्ट

Bihar Weather गर्मी से परेशान राज्यवासियों को फिलहाल गर्मी और सताएगी। मौसम विभाग के अनुसार पटना समेत अन्य जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। वहीं अगले पांच दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Fri, 02 Jun 2023 07:57 AM (IST) Updated:Fri, 02 Jun 2023 12:31 PM (IST)
Bihar Weather: अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत नहीं, जैसलमेर से भी गर्म रहा पटना; आज नौ जिलों में लू का अलर्ट
Bihar Weather: बिहार के नौ जिलों में लू का अलर्ट

पटना, जागरण संवाददाता। बिहारवासियों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पटना व इसके आसपास इलाकों में गर्म हवा के कारण लोग परेशान रहेंगे। वहीं, मौसम विभाग ने नौ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पटना समेत प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, मधुबनी, सुपौल और सहरसा में उष्ण लहर का प्रभाव बना रहेगा।

बता दें कि राज्य में पिछले पांच दिनों से धूप और भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, शुक्रवार को भी नौ जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

पटना के मौसम की बात करें तो गुरुवार को राजस्थान के जैसलमेर से भी अधिक गर्म शहर पटना रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जैसलमेर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि राजस्थान के पास एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण वहां से आने वाली गर्म हवा के कारण प्रदेश में अगले पांच दिनों तक उष्ण लहर का प्रभाव बना रहेगा।

खगड़िया का सबसे अधिक तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान पूर्णिया, वाल्मीकि नगर, फारबिसगंज, शेखपुरा, कटिहार में उष्ण लहर का प्रभाव बना रहा। गुरुवार को 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ खगड़िया में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। 10 जून के बाद मौसम में बदलाव आने के आसार हैं।

तीन और चार जून को लू की चपेट में रहेंगे ये जिले

सात, आठ जून को पुरवा का प्रसार होने से तापमान में आंशिक गिरावट की संभावना है। तीन व चार जून को पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

पांच जून को बांका, नवादा, सहरसा, शेखपुरा, सुपौल, सीतामड़ी, मधुबनी व पश्चिमी चंपारण में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को घरों से बेवजह निकलने से भी मना किया है। अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं होने की संभावना है।

कैसा रहेगा मुजफ्फरपुर का मौसम

वहीं, मुजफ्फरपुर के मौसम की बात करें तो शुक्रवार को जिले का मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मुजफ्फरपुर का आज आसमान साफ रहेगा। पूर्वी उत्तरी हवा 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। आद्रता अधिकतम 47 और न्यूनतम 11 प्रतिशत तक रहने की संभावना है।

राज्य के कई जिलों में आज तापमान में वृद्धि की संभावना है। पांच दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी झेलनी पड़ सकती है।

chat bot
आपका साथी