12 नवंबर को होगी बैंक हड़ताल

10 वें वेतन समझौते को लागू कराने के लिए बैंक यूनियने जुट गई हैं। 12 नवंबर को ि‍फर से बैंक हड़ताल होने वाली है।

By Mrityunjay Kumar Edited By: Publish:Fri, 31 Oct 2014 09:12 AM (IST) Updated:Fri, 31 Oct 2014 09:17 AM (IST)
12 नवंबर को होगी बैंक हड़ताल

पटना। 10 वें वेतन समझौते को लागू कराने के लिए बैंक यूनियने जुट गई हैं। 12 नवंबर को ि‍फर से बैंक हड़ताल होने वाली है। इसके बाद दो से पांच दिसंबर के बीच फिर देश भर में अंचलवार हड़ताल होगी। इसके तहत चार दिसंबर को बिहार में बैंक बंद रहेंगे।

क्या है मामला

एक नवंबर 2012 से 10वां वेतन समझौता लटका हुआ है। इसे लागू कराने के लिए 18 दिसंबर 2013 को बैंककर्मी एक दिवसीय हड़ताल पर थे। सरकार की ओर से सुनवाई नहीं हुई तो 2014 के फरवरी माह में दो दिवसीय हड़ताल किए। 10 एवं 11 फरवरी को बैंकों में ताला लटका रहा। अब फिर हड़ताल होने जा रही है। 12 नवंबर को देशव्यापी हड़ताल है। इसके बाद दो से पांच दिसंबर के बीच देश भर में अंचलवार हड़ताल होगी। इसके तहत पुन: चार दिसंबर को बिहार में बैंक बंद रहेंगे।

13 बार वार्ता हुई विफल

केन्द्र सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाला इंडियन बैंक एसोसिएशन(आइबीए), और बैंक यूनियनों का प्रतिनिधित्व करने वाला यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के बीच मसले पर 13 बार वार्ता हो चुकी है। सहमति न बनने के कारण हर वार्ता विफल हो गई।

कहां है पेंच

आइबीए की ओर से 11 फीसद वेतन वृद्धि का प्रस्ताव दिया गया है। इसे यूएफबीयू ने खारिज कर दिया है। इसका कहना है कि बैंककर्मियों का वेतन भारत सरकार के अन्य विभागों से बेहद कम है। इसलिए सम्मानजनक समझौता होना चाहिए।

कौन कौन रहेंगे हडताल पर

नौ यूनियनों की प्रतिनिधित्व करने वाली यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसमें एआइबीईए, एआइबीओसी, एनसीबीई, एआइबीओए, बीईएफआई, आइएनबीईएफ, आइएनबीओसी, एनओबीडब्ल्यू, एनओबीओ शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी