मोतिहारी में युवक के सिर सवार हुआ खून, पुत्र और मां को मार डाला

महज एक पंखे के लिए बेटा और मां की हत्या करने के बाद आरोपित घर से हुआ फरार परिवार में मचा कोहराम। आनन-फानन में जला दिया गया दादी-पोते का शव।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Thu, 02 May 2019 08:37 PM (IST) Updated:Thu, 02 May 2019 08:37 PM (IST)
मोतिहारी में युवक के सिर सवार हुआ खून, पुत्र और मां को मार डाला
मोतिहारी में युवक के सिर सवार हुआ खून, पुत्र और मां को मार डाला

पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण जिले के जीतना थानाक्षेत्र के बीजबनी बरैया चोला गांव में मंगलवार की रात एक युवक के सिर पर खून सवार हो गया। उसने अपने पुत्र और बूढ़ी मां को मौत की नींद सुला दी। आनन-फानन में साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को जला दिया गया। घटना को अंजाम देने के बाद से आरोपित फरार है। घटना की सूचना पर पहुंचे जीतना थानाध्यक्ष राजीव कुमार व छौड़ादानो के इंस्पेक्टर विजय प्रसाद राय ने परिवार के लोगों से जानकारी ली है। जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 इस सिलसिले में लड़के की मां इंदु देवी ने अपने पति बिनोद चौरसिया को आरोपित करते हुए पुलिस को आवेदन दिया है। पुलिस आवेदन मिलने के साथ आरोपित की खोज कर रही है। शवों को जलाने में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।

 बताया गया है कि आरोपित बिनोद चौरसिया का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह दिन-रात घोड़ासहन व ढाका सहित अन्य बाजारों में भटकते रहता है। होटलों में प्लेट धोकर अपना पेट भरता है। मंगलवार को उसका तीसरा पुत्र सन्नी कुमार एक पंखा खरीदा और अपने कमरे में लगा लिया। पंखे के लिए बिनोद ने घर में हंगामा खड़ा कर दिया। कहा कि मेरे कमरे में भी पंखा लगाओ। परिवार के सभी लोगों ने समझाा अगली बार आपके लिए भी पंखा खरीदा जाएगा। लेकिन, आरोपित अपनी जिद पर अड़ा रहा। काफी देर बाद हंगामा शांत हुआ।

 सभी ने रात का भोजन किया और सोने चले गए। बुधवार की सुबह परिवार का बड़ा बेटा रूपेश जगा तो देखा कि उसका कमरा बाहर से बंद है। फिर मां को आवाज दी। मां-बेटा जब सन्नी के कमरे में गए तो देखा कि 16 वर्षीय सन्नी के गर्दन में गहरा जख्म था। शरीर से खून बह रहा था। वहीं सन्नी की 85 वर्षीय दादी लीला देवी भी दरवाजे पर गिरी पड़ी थीं। उनके पैर में चोट का निशान था। चीख-चीत्कार को सुन पहुचे परिजनों ने देखा तो दोनों की मौत हो चुकी थी।

इस बीच आनन-फानन में दोनों शवों को जला दिया गया। घर के चापाकल का हैंडल गायब है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि परिजनों के अनुसार आरोपित ने पूर्व में भी अपनी पत्नी सहित अन्य परिजनों पर घातक हमले की कोशिश की थी।

 घटना के संबंध में छौड़ादानो पुलिस निरीक्षक विजय प्रसाद राय ने कहा कि मामले में विनोद चौरसिया की पत्नी ने आवेदन दिया है। उन्होंने दोनों की मौत के लिए अपने पति को जिम्मेदार बताया है। मामले की जांच चल रही है। आरोपित की खोज की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद सारी बातें साफ हो जाएंगी।

chat bot
आपका साथी