Weather Muzaffarpur Bihar: आसमान साफ रहेगा, मौसम शुष्क रहने की संभावना
Weather Muzaffarpur Bihar मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार का बताना है कि बंगाल की खाड़ी में तूफान आने एवं कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तर बिहार में वर्षा की यह स्थिति उत्पन्न हुई थी। अब मौसम साफ होने की संभावना है।
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर, जासं। उत्तर बिहार के जिलों में आज से मौसम साफ रहने का अनुमान है। आमतौर पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद राहत मिली है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उक्त जानकारी दी गई है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार का बताना है कि बंगाल की खाड़ी में तूफान आने एवं कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उत्तर बिहार में वर्षा की यह स्थिति उत्पन्न हुई थी। अब मौसम साफ होने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर में 70 से 75 प्रतिशत रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 6 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है।
शिवहर जिले में मंगलवार को मौसम सामान्य हैं। सुबह -सवेरे धूप खिली। आसमान साफ है। हल्की हवा भी बह रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज बारिश के आसार नहीं है।
औराई की कई सड़कों पर चढ़ा पानी, आवागमन बाधित
औराई (मुजफ्फरपुर), संस : पिछले दिनों हुई लगातार बारिश से प्रखंड में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बागमती, लखनदेई व मनुषमारा नदी के जलस्तर में सोमवार को भी वृद्धि दर्ज की गई। रामपुर-संभूता मार्ग पर तीन फीट पानी बह रहा है जिससे हजारों की आबादी प्रभावित हो गई है। इधर, नयागांव-बेशी मार्ग पर भी कई जगहों पर पानी का तेज प्रवाह चल रहा है। लखनदेई नदी के कोरियाही, राजखंड, धंसना में खुले तटबंध से नदी का पानी निकल कर चौर में फैल रहा है। इस कारण औराई, आलमपुर सिमरी, रतवारा पश्चिमी,रतवारा पूर्वी, रामपुर, बिशनपुर गोकुल, भलूरा, खेतलपुर पंचायत एक बार फिर बाढ़ की चपेट में आ गई है। दूसरी ओर प्रखंड के दक्षिणी भाग के सरहंचिया, महेशवारा अतरार, अमनौर, सहिलाबल्ली,डीहजीवर, भदई समेत 10 पंचायत पूरी तरह जलजमाव की चपेट में है। किसानों की चिंता अब रबी की फसल को लेकर बनी हुई है। समाजसेवी दीनबंधु क्रांतिकारी ने कहा कि किसानों व मजदूरों की समस्याओं से प्रशासन का कोई लेना-देना नहीं है। राजद प्रखंड अध्यक्ष आरजू अहसन करीमी ने प्रशासन से अविलंब बाढ़ राहत का भुगतान करने की मांग की।