शिवहर में 45 हजार टन धान की खरीदारी का लक्ष्य, अबतक चार हजार टन की हुई खरीदारी

डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने झोंकी ताकत। पैक्स समेत विभिन्न सरकारी क्रय केंद्रों पर अबतक लगभग चार हजार टन धान की खरीदारी की गई है। हालांकि 45 हजार टन धान की खरीदारी के लक्ष्य के विरूद्ध प्राप्त उपलब्धि काफी कम है।

By Murari KumarEdited By: Publish:Wed, 30 Dec 2020 03:39 PM (IST) Updated:Wed, 30 Dec 2020 03:39 PM (IST)
शिवहर में 45 हजार टन धान की खरीदारी का लक्ष्य, अबतक चार हजार टन की हुई खरीदारी
शिवहर में चार हजार टन धान की हुई खरीदारी

शिवहर, जागरण संवाददाता। डीएम अवनीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिले में धान की अधिप्राप्ति के लिए अधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। यही वजह हैं कि धान अधिप्राप्ति की गति तेज हुई है। अबतक जिले के लगभग दो हजार किसानों ने धान बेचने के लिए आनलाइन निबंधन कराया है। जबकि पैक्स समेत विभिन्न सरकारी क्रय केंद्रों पर अबतक लगभग चार हजार टन धान की खरीदारी की गई है। हालांकि, 45 हजार टन धान की खरीदारी के लक्ष्य के विरूद्ध प्राप्त उपलब्धि काफी कम है। किसानों का आनलाइन निबंधन कम होना और धान की कम खरीदारी अब भी विभाग के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। हालांकि, डीएम द्वारा लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयास और पहल जारी है। 

 डीएम ने किसानों से क्रय केंद्रों पर धान बेचने और धान बेचने के लिए आनलाइन निबंधन कराने की अपील की है। ताकि, उन्हें सरकार द्वारा तय समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। इधर, डीएम के निर्देश पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की टीम लगातार धान अधिप्राप्ति और किसानों का निबंधन कराने में लगी है। बताते चलें कि पिछली बार जिले में 30 हजार टन धान की खरीदारी हुई थी।

 इस बार 45 हजार टन धान की खरीदारी का लक्ष्य तय किया गया है। इसके तहत जिले के 40 पैक्सों को धान की खरीदारी की जिम्मेदारी मिली है।  इधर, सरकार ने पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर धान की खरीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। इसके मद्देनजर जिले में तैयारी शुरू कर दी गई है। शासन-प्रशासन का मकसद अधिक से अधिक किसानों को धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना है। हालांकि, धान बेचने के लिए अधिक से अधिक किसानों का आनलाइन निबंधन कराया जा रहा है। सरकार द्वारा इस बार धान का समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।

chat bot
आपका साथी