अब मंत्रिमंडल के विस्तार पर टिकी है मधुबनी वासियों की नजर, पिछली सरकार में जिले से थे चार मंत्री

Madhubani Politics News मंत्री पद के दावेदारों में जिले के कई विधायक व विधान पार्षद। पिछली सरकार में जिले से थे चार मंत्री नई सरकार में अब तक केवल दो को मौका। नई सरकार में जिले से एक भाजपा विधायक एवं एक जदयू विधायक बनाए गए मंत्री।

By Murari KumarEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 11:37 AM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 11:37 AM (IST)
अब मंत्रिमंडल के विस्तार पर टिकी है मधुबनी वासियों की नजर, पिछली सरकार में जिले से थे चार मंत्री
रामप्रीत पासवान, पीएचईडी मंत्री (विधायक, राजनगर-अजा विधानसभा) और शीला कुमारी, परिवहन मंत्री (विधायक, फुलपरास विधानसभा)

मधुबनी, जेएनएन। विधान सभा आम चुनाव संपन्न हो चुके हैं। जिले के दस में से आठ सीटें एनडीए की झोली में जा चुकी हैं। सूबे में एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू-भाजपा-हम-वीआइपी की गठबंधन सरकार बन चुकी है। जिले के आठ एनडीए विधायकों में से दो को नई सरकार में मंत्री के रुप में शामिल किया जा चुका है। राजनगर-अजा के भाजपा विधायक डॉ. रामप्रीत पासवान को पीएचईडी मंत्री और फुलपरास की जदयू विधायक शीला कुमारी को परिवहन मंत्री बनाया गया है। नई सरकार के गठन में जिले से दो विधायकों के मंत्री बनाए जाने पर जिलेवासियों में खुशी है।

 बता दें कि डॉ. पासवान राजनगर-अजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं। पिछले विधानसभा में वे जिले से भाजपा के एकमात्र विधायक थे। वहीं, शीला कुमारी ने अपने पहले चुनाव में ही पार्टी की उम्मीदों को पूरा कर जीत दर्ज की और मंत्री पद धारण किया है। अब लोगों की नजर मंत्रिमंडल के विस्तार पर टिकी हुई है। बता दें कि पिछली जदयू-भाजपा गठबंधन सरकार में जिले से चार मंत्री मंत्रिमंडल में शामिल थे। लोगों को उम्मीद है कि इस बार यह संख्या आगे भी बढ़ सकती है। सूबे में विधान सभा सीटों की संख्या 243 है।

 कुल विधायकों की संख्या का 15 फीसद संख्या तक मंत्री बनाया जा सकता है। इस हिसाब से सूबे में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं। नई सरकार में सीएम, डिप्टी सीएम समेत फिलहाल केवल 15 मंत्री ही बनाए गए हैं। इस प्रकार 21 और मंत्री बनाए जाने का विकल्प बचा हुआ है। फिलहाल विधान सभा का सत्र चल रहा है। उम्मीद की जा रही है कि निकट भविष्य में सूबे में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है। 

पिछली सरकार में जिले से थे चार मंत्री 

पिछली सरकार में जिले से चार मंत्री बनाए गए थे। इनमें दो विधायक एवं दो विधान पार्षद शामिल थे। पिछली सरकार में तत्कालीन जदयू विधायक कपिलदेव कामत को पंचायती राज मंत्री एवं तत्कालीन जदयू विधायक लक्ष्मेश्वर राय को आपदा प्रबंधन मंत्री बनाया गया था। वहीं, तत्कालीन विधान पार्षद भाजपा नेता विनोद नारायण झा को पीएचईडी मंत्री एवं विधान पार्षद सह जदयू नेता संजय कुमार झा को जल संसाधन मंत्री बनाया गया था।

 जदयू के तत्कालीन विधायक कपिलदेव कामत का निधन हो गया है। जबकि, लक्ष्मेश्वर राय चुनाव हार गए हैं। विनोद नारायण झा भाजपा उम्मीदवार के रुप में बेनीपट्टी विधान सभा क्षेत्र से चुनाव जीत चुके हैं। इस बार मंत्री पद के दावेदारों में भाजपा कोटे से बेनीपट्‌टी विधायक विनोद नारायण झा, झंझारपुर विधायक नीतीश मिश्रा व बिस्फी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल और जदयू कोटे से हरलाखी विधायक सुधांशु शेखर, बाबूबरही विधायक मीना कामत एवं विधान पार्षद संजय झा ने नामों की चर्चा जोरों पर है।

chat bot
आपका साथी