India-Nepal Tension: बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति के बीच नेपाल ने नारायणपुर पोस्ट से अपने जवानों को हटाया

India-Nepal Tension घटना के बाद जवाबी कार्रवाई की आशंका से नेपाली पुलिस डरी। उसे ग्रामीणों से भय महसूस हो रहा है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 14 Jun 2020 01:39 PM (IST) Updated:Sun, 14 Jun 2020 01:39 PM (IST)
India-Nepal Tension: बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति के बीच नेपाल ने नारायणपुर पोस्ट से अपने जवानों को हटाया
India-Nepal Tension: बॉर्डर पर तनावपूर्ण स्थिति के बीच नेपाल ने नारायणपुर पोस्ट से अपने जवानों को हटाया

सीतामढ़ी, जेएनएन। India-Nepal Tension : भारत-नेपाल सीमा के सोनबरसा स्थित लालबंदी जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) की भारतीयों पर फायरिंग के बाद से स्थिति लगातार तनावपूर्ण बनी हुई है। इस बीच नेपाल के नक्शेबाजी वाले नए पैंतरे ने आग में घी का काम किया है। भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र में नेपाल के रवैये को लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। यह देखते हुए भारत की ओर से सरहद की सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 51वीं बटालियन ने गश्त बढ़ा दी है।

नारायणपुर पोस्ट को खाली कर दिया

उधर, नेपाल सीमा पर अपनी नापाक करतूतों को लेकर डरा सहमा हुआ है। उसने अपने नारायणपुर पोस्ट को खाली कर दिया है। मगर, वहां से सौ मीटर पीछे हटकर और अधिक जवानों को तैनात कर रखा है। इससे साफ है कि नेपाली पुलिस डरी सहमी हुई है। उसे भी ग्रामीणों से भय महसूस हो रहा है। इलाके के लोगों से बात की, तो पता चला कि अब यहां लोग डर के साये में जी रहे हैं।

बॉर्डर पर फायरिंग से जताया मंसूबा

भारत-नेपाल के बीच जारी तनाव के बीच शुक्रवार को सीमा पर नेपाली सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) की ओर से की गई फायरिंग की ये घटना से उसका नापाक मंसूबा झलक रहा है। पिछले कुछ समय से भारत और नेपाल के बीच सीमा विवाद गहराया है। ये विवाद कालापानी और लिपुलेख को लेकर है। नवंबर 2019 में, भारत के गृह मंत्रालय द्वारा जारी किए गए एक नए नक्शे में कालापानी क्षेत्र को शामिल किया गया था, जिस पर नेपाल अपना दावा करता रहा है। भारत के इलाके को भी नेपाल अपना बता रहा है।

शुक्रवार सुबह करीब 8.40 बजे एपीएफ की बर्बरता सामने आई। एक परिवार अपने नेपाली रिश्तेदार से बॉर्डर पर मुलाकात कर रहा था। जिन्हें नेपाली सुरक्षा बलों ने बॉर्डर पर रोक दिया और वापस लौटने के लिए बल का प्रयोग किया। आरजू-मिन्नतें करने पर एपीएफ ने अनसुना कर दिया। बॉर्डर पर एपीएफ वालों द्वारा इस परिवार के साथ मारपीट करते हुए देखकर आसपास के लोग जुटे तो उन लोगों ने अपने अन्य सुरक्षा बलों को फोन कर बुला लिया। वे लोग आते ही हवाई फायरिंग शुरू की। भगदड़ मची तो खदेड़कर पीटने लगे। इसी बीच कुछ लोगों पर गोलियां चलाई। जिसमें एक की मौत हो हो गई जबकि, दो अन्य जख्मी हो गए।

खेतों से लेकर बाजार तक छाई वीरानी

बॉर्डर पर नेपाल की तरफ से फायरिंग के बाद भारतीय सीमा पर बसे गांवों में दहशत व्याप्त है। लोग अपने घरों में कैद हैं। हालांकि, एसएसबी के जवान लगातार कैंप कर रहे हैं। लोग डर के साये में अपने घरों से नहीं निकल रहे हैं। आलम यह है कि हफ्ते में तीन दिन लगने वाली बाजार में खरीददारी के लिए लोग नहीं पहुंचे. दूसरी ओर किसान अपने खेतों में काम के लिए नहीं जा रहे हैं। शुक्रवार को इंडो-नेपाल बॉर्डर के पिलर नंबर 319 के पास नेपाल सशस्त्र बल के जवानों की ओर से अंधाधुंध फायरिंग की। सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र की पीपरा परसाइन पंचायत की लालबंदी जानकीनगर सीमा पर हुई इस फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। 

chat bot
आपका साथी