पश्चिम चंपारण में लोजपा के प्रखंडस्तरीय पार्टी पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

पश्चिम चंपारण में लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश जिला व प्रखंड स्तरीय पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफ़ा दे दिया है। लोजपा के प्रदेशस्तरीय नेता सह सीतामढी के प्रभारी विश्वनाथ कुशवाहा ने कहा कि पार्टी खास लोगों की गिरवी बनकर रह गई है।

By Vinay PankajEdited By: Publish:Mon, 23 Nov 2020 04:45 PM (IST) Updated:Mon, 23 Nov 2020 04:45 PM (IST)
पश्चिम चंपारण में लोजपा के प्रखंडस्तरीय पार्टी पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
लोक जनशक्ति पार्टी की बैठक में मौजूद पार्टी अधिकारी

 पश्चिम चंपारण, जेएनएन। लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश, जिला व प्रखंड स्तरीय पार्टी पदाधिकारी व कार्यकत्र्ताओं ने सामूहिक रूप से सोमवार को इस्तीफ़ा दे दिया है। पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता सह सीतामढी जिला के प्रभारी विश्वनाथ प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि पार्टी अपने उद्देश्य से भटक गई है व कुछ लोगों के कब्जे में रहकर सिमट गई है।

पार्टी की इन गतिविधियों को लेकर ही हम सभी सामूहिक से रूप से इस्तीफ़ा देने के लिए मजबूर हुए हैं। क्योंकि पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था खत्म हो गई है। हमलोगों को लगा कि चिराग पासवान के हाथों में कमान आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी, लेकिन वे कुछ चाटुकारों के बीच फंसकर रह गए हैं। यही कारण रहा कि पार्टी के प्राथमिक सदस्य नहीं होने के बाद भी वाल्मीकिनगर विधानसभा से महेंद्र भारती को टिकट दे दिया गया। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा है व उनका अपमान हुआ है।

श्री कुशवाहा ने कहा कि पार्टी से वर्षों से जुडे होने के कारण दुखी मन से यह फैसला लेना पडा है। उन्होंने कहा कि इस्तीफ़ा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भेज दिया गया है। इस्तीफ़ा देने वालों में जिला प्रधान महासचिव प्रेमचंद्र हजरा, प्रदेश महासचिव दलित सेना रामेश्वर हजरा, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यमानंदन प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष मझौलिया प्रमोद तिवारी, जिला सचिव बीरजू ठाकुर, योगापट्टी प्रखंड अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा, जगन्नाथ साह, ब्रजकिशोर शर्मा, वीरेंद्र पासवान, रामबाबू प्रसाद गुप्ता, ललित कुमार, राधेश्याम राय, ललित किशोर, मुन्नी लाल पासवान आदि शामिल हैं।

बता दें कि ठीक विधानसभा चुनाव के दौरान ही पार्टी के जिलाध्यक्ष ने भी इस्तीफ़ा दे दिया था।

chat bot
आपका साथी